रास्ते की भूमि पर कब्जे की जांच के दौरान दो पक्ष भिड़े, शांति भंग में कार्रवाई
इनायतनगर थाना क्षेत्र के इनायतनगर पूरे कोटवा गांव में सरकारी अभिलेखों में दर्ज रास्ते की भूमि पर कथित अवैध कब्जे की शिकायत की जांच के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। मौके पर मौजूद लेखपाल ने बीचबचाव का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ता देख अधिकारियों को सूचना दी।
पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने लाकर शांति भंग के तहत कार्रवाई की और एसडीएम न्यायालय में पेश किया।
ग्रामीणों ने रास्ते की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत तहसील प्रशासन से की थी। बुधवार को क्षेत्रीय लेखपाल बिंदु विज्ञान सिंह जांच करने पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के लोग वहां पहुंच गए और कहासुनी के बाद हाथापाई होने लगी। लेखपाल ने मामले को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति बिगड़ती देख एसडीएम मिल्कीपुर पवन कुमार शर्मा को सूचना दी। एसडीएम के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने पुलिस बल मौके पर भेजा।
फुरकान अहमद ने आरोप लगाया कि मोहम्मद अलीम और उनके बेटे अकलीम, कैफ, अफजल व तस्लीम आदि रास्ते की भूमि पर कब्जा कर रहे थे। जांच के दौरान मौके पर पहुंचने पर उनके साथ मारपीट की गई और धमकी दी गई। उन्होंने मोबाइल में घटना का वीडियो होने की बात कही है।
वहीं दूसरे पक्ष की अलीमुल निशा ने आरोप लगाया कि वह अपने बेटों अकलीम और कैफ के साथ पुश्तैनी कुएं व हैंडपंप के पास सफाई कर रही थीं। तभी फुरकान सहित अन्य लोगों ने उनके बेटों के साथ मारपीट की और धमकी दी।
लेखपाल बिंदु विज्ञान सिंह ने बताया कि रास्ते की भूमि पर कब्जे की शिकायत की जांच करने पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में हाथापाई हुई थी। किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। दोनों पक्षों के खिलाफ शांति भंग के तहत कार्रवाई की गई है।
Hardoi, Hardoi | Sep 13, 2026