नाबालिग को शराब बेचने पर मॉडल शॉप में हंगामा, टोकाने वाले ग्राहक से ठेकेदार ने की अभद्रता
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के विकासनगर स्थित एक मॉडल शॉप पर नाबालिग को शराब बेचे जाने का मामला सामने आया है। कुर्सी रोड पर महावीर स्कूल के सामने स्थित मॉडल शॉप का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने आबकारी विभाग के नियमों और सुरक्षा दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
टोका तो भड़का ठेकेदार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मॉडल शॉप पर एक बच्चा बीयर मांगने पहुंचा। वहां मौजूद एक अन्य ग्राहक ने जब नाबालिग को शराब बेचने से मना किया और ठेकेदारों को टोका, तो मॉडल शॉप कर्मचारी उनसे उलझ गए। ग्राहक द्वारा आपत्ति जताने पर ठेकेदार अभद्रता पर उतर आया और बहस करने लगा। बहस के दौरान ग्राहक ने बच्चे की पढ़ाई का खर्च उठाने तक की बात कही, लेकिन मॉडल शॉप संचालक नियमों को ताक पर रखकर बिक्री पर अड़े रहे।
नियमों की सरेआम अनदेखी
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में ग्राहक बार-बार प्रशासन तक मामला पहुंचाने की बात कह रहा है, लेकिन ठेका कर्मियों पर इसका कोई असर नहीं दिखा। नियमों के मुताबिक नाबालिगों को शराब या बीयर बेचना कानूनी और सामाजिक रूप से गंभीर अपराध है।
कड़ी कार्रवाई की मांग
स्कूल के ठीक सामने स्थित इस मॉडल शॉप में हुई घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। नागरिकों ने आबकारी विभाग और प्रशासन से मामले की तत्काल जांच कर दोषी मॉडल शॉप के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
Hardoi, Hardoi | Sep 13, 2026