नशा मुक्त युवा भारत का संदेश लेकर मंच पर उतरे विद्यार्थी
एमपीडीसी में भाषण प्रतियोगिता और युवा संवाद संगोष्ठी आयोजित, रिया दुबे ने हासिल किया प्रथम स्थान
कोंच। स्थानीय मथुरा प्रसाद स्नातकोत्तर महाविद्यालय (एमपीडीसी) में शनिवार को 'नशा मुक्त युवा भारत' विषय पर भाषण प्रतियोगिता और 'युवा संवाद-जानिए अपना मत' संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
जिला युवा अधिकारी सचिन गैरा के निर्देशन में माय भारत जालौन और महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र सिंह ने की। सरदार वल्लभभाई पटेल और मां वीणापाणि की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पूजन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। भाषण प्रतियोगिता में 11 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इसमें रिया दुबे ने प्रथम, कीर्ति श्रीवास्तव ने द्वितीय और दीपिका साहू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों और शिक्षकों ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव बताते हुए इससे दूर रहने की अपील की और नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प दिलाया। माय भारत के जिला आइकॉन विवेक सिंह ने युवाओं से चार और पांच नवंबर को उरई में आयोजित होने वाले नशामुक्ति कार्यक्रम में 18 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं से प्रतिभाग करने का आह्वान किया। संचालन लवकेश कुमार ने किया। इस मौके पर इं. राजीव रेजा, संजय सिंघाल, रमाकांत द्विवेदी, डॉ. ओमप्रकाश यादव, डॉ. महेंद्र नाथ मिश्रा, डॉ. मधुरलता द्विवेदी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Konch, Jalaun | Nov 1, 2026