सीएचसी भटनी में एएनएम को गुणवत्ता युक्त एएनसी, एचआरपी एवं एसवीएन पर प्रशिक्षण
#देवरिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भटनी में सहायक नर्स मिडवाइफ (एएनएम) के लिए गुणवत्ता युक्त प्रसवपूर्व जांच (Quality ANC), हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (HRP) तथा स्मॉल फॉर जेस्टेशनल एज (SGA/SVN) की पहचान एवं प्रबंधन को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण में न्यूट्रिशन इंटरनेशनल की डिवीजनल कोऑर्डिनेटर डॉ. रिनी मजूमदार ने एएनएम को गर्भवती महिलाओं की गुणवत्तापूर्ण प्रसवपूर्व जांच के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गर्भावस्था की जानकारी मिलते ही, आदर्श रूप से पहली तिमाही यानी 12 सप्ताह के भीतर, गर्भवती महिला का पंजीकरण और पहली एएनसी जांच सुनिश्चित की जानी चाहिए।
प्रशिक्षण के दौरान रक्तचाप मापने, शारीरिक परीक्षण, रक्त एवं मूत्र के नमूने लेने, आयरन-फॉलिक एसिड व कैल्शियम की उपलब्धता एवं सेवन सुनिश्चित करने तथा गर्भावस्था के दौरान दिखाई देने वाले खतरे के लक्षणों की पहचान कर समय से उचित सलाह देने पर विशेष जोर दिया गया।
एएनसी जांच के अंतर्गत सीबीसी के माध्यम से एनीमिया एवं अन्य रक्त संबंधी समस्याओं की जांच, ब्लड शुगर के जरिए गर्भावधि मधुमेह की पहचान, मूत्र जांच से मूत्र संक्रमण एवं किडनी संबंधी स्थिति की जानकारी तथा एचआईवी, हेपेटाइटिस-बी और सिफलिस जैसे संक्रमणों की जांच के महत्व के बारे में बताया गया। साथ ही आवश्यकता के अनुसार थायरॉयड (TSH) जांच और अल्ट्रासाउंड के माध्यम से भ्रूण के विकास एवं स्थिति की निगरानी की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (HRP) की समय पर पहचान एवं प्रबंधन तथा स्मॉल फॉर जेस्टेशनल एज (SGA/SVN) की पहचान, प्रबंधन और आवश्यक फॉलोअप के संबंध में भी व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान एएनएम को अपने-अपने क्षेत्र में गर्भवती महिलाओं की गुणवत्तापूर्ण एएनसी सेवाएं सुनिश्चित करने, जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की समय पर पहचान करने और आवश्यकता पड़ने पर समय से रेफरल कराने के लिए आवश्यक जानकारी एवं व्यवहारिक मार्गदर्शन दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन सीएचसी भटनी के अधीक्षक डॉ. नवीन कुमार के निर्देशन में किया गया। इस दौरान ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक गुलाम मोइनुद्दीन, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक दिग्विजय नाथ तिवारी, पवन शर्मा, रानी यादव, गावी ब्लॉक मॉनिटर आनंद गुप्ता, डब्ल्यूएचओ मॉनिटर राजेश कुमार राव, श्याम नारायण कुशवाहा एवं संजीव कुमार मौजूद रहे।
कार्यक्रम में कुल 17 सहायक नर्स मिडवाइफ (एएनएम) को प्रशिक्षण दिया गया।