हरितालिका तीज पर तीज महोत्सव एवं मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन
#भटनी, देवरिया। बहादुर यादव महाविद्यालय, नगर पंचायत भटनी में 12 सितंबर 2026 को हरितालिका तीज के उपलक्ष्य में महाविद्यालय एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में तीज महोत्सव एवं मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं और राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेविकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
महाविद्यालय की प्रवक्ता डॉ. तारा ठाकुर एवं सुश्री प्रतिभा पटेल के निर्देशन में आयोजित मेहंदी प्रतियोगिता में छात्राओं ने आकर्षक एवं कलात्मक डिजाइनों के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। छात्राओं एवं स्वयंसेविकाओं ने एक-दूसरे को मेहंदी लगाकर अपनी कला का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता की मुख्य अतिथि एवं निर्णायक श्रीमती पूनम यादव तथा श्रीमती सिंधु कुशवाहा रहीं। महाविद्यालय के प्रबंधक अजय कुमार यादव एवं निदेशिका श्रीमती ममता यादव ने मुख्य अतिथियों का अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया।
प्रबंधक अजय कुमार यादव ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्राओं में सृजनात्मकता, एकाग्रता, क्रियाशीलता और टीम भावना विकसित करने में सहायक होते हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश कुमार तिवारी ने कहा कि कला एवं रचनात्मक गतिविधियों से विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है। वहीं उपप्राचार्य डॉ. आर.एम. यादव ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं में मेहंदी कला एवं रचनात्मकता को बढ़ावा देना तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है।
कार्यक्रम में डॉ. अनूप कुमार, डॉ. कंचन मिश्रा, डॉ. तारा ठाकुर, वीरेन्द्र प्रताप विश्वकर्मा, राजीव शर्मा, दिवाकर यादव, अली सरवर, कविलाष आर्य, शिवशंकर मौर्य, दुर्गेश यादव, राहुल यादव, राजेश यादव, इन्द्रजीत यादव, संदीप यादव सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, गणमान्यजन, महिलाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का समापन उत्साह एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में हुआ।