जैविक खेती को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ टीकमगढ़ में एलआरपी का एक दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न
---
मप्र शासन भोपाल के आदेशानुसार कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय के निर्देशानुसार किसान कल्याण तथा कृषि विज्ञान केंद्र टीकमगढ़ उप संचालक श्री मनोज कश्यप के मार्गदर्शन में परंपरागत कृषि विकास योजना (पीकेव्हीबाई) के अंतर्गत कृषि विज्ञान केंद्र (केव्हीके) कुंडेश्वर रोड टीकमगढ़ में एक दिवसीय स्थानीय संसाधन व्यक्ति प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख डॉ. बी.एस. किरार, डॉ. आर.के. प्रजापति, एस.के. जाटव, यू.एस. धाकड़ एवं एस.के. सिंह सहित कृषि विशेषज्ञों ने प्रशिक्षणार्थियों को जैविक खेती एवं योजना के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।
प्रशिक्षण में पीकेव्हीबाई योजना का परिचय, उद्देश्य एवं दिशा-निर्देश, जैविक खेती की अवधारणा, सिद्धांत एवं महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही बीजामृत, जीवामृत, घनजीवामृत, वर्मी कंपोस्ट एवं कंपोस्ट खाद निर्माण, बीज उपचार, मृदा स्वास्थ्य, फसल पोषण प्रबंधन तथा नीमास्त्र एवं दशपर्णी अर्क द्वारा जैविक कीट एवं रोग नियंत्रण की तकनीकी जानकारी प्रदान की गई।
इसके अतिरिक्त पीजीएस-इंडिया जैविक प्रमाणीकरण प्रक्रिया, समूह गठन, पीयर अप्रेजल, किसान डायरी, आईसीएस, आंतरिक निरीक्षण, रिकॉर्ड संधारण एवं डेटा एंट्री के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में पतंजलि जिला कोऑर्डिनेटर श्री भुवनेश्वर राय, दिव्य योग मंदिर ट्रस्ट के जिला प्रभारी श्री अर्पण चौहान, पतंजलि ब्लॉक कोऑर्डिनेटर श्री मुन्नीलाल यादव, श्री मंगल सिंह, श्री वीरेंद्र यादव एवं श्री राममिलन यादव सहित टीकमगढ़ जिले के टीकमगढ़, जतारा, बल्देवगढ़ एवं पलेरा विकासखंडों के एलआरपी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य एलआरपी को गांव-गांव तक जैविक खेती का संदेश पहुंचाने, किसानों को जैविक खाद एवं कीट नियंत्रण की तकनीकों से परिचित कराने तथा खेत स्तर पर तकनीकी मार्गदर्शन देने के लिए सक्षम बनाना रहा। प्रशिक्षण में संकल्प लिया गया कि जैविक खेती को जन-आंदोलन बनाकर मिट्टी की उर्वरा शक्ति का संरक्षण, शुद्ध एवं पौष्टिक अन्न का उत्पादन, किसानों की समृद्धि और गांवों को स्वस्थ बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। कार्यक्रम का समापन प्रश्नोत्तर एवं प्रतिभागियों के फीडबैक के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन मुन्नीलाल जनसेवक ने किया।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh