आकांक्षी विकासखंड बल्देवगढ़ में विकास कार्यों एवं शासकीय संस्थाओं का संचालक श्री रमीत मौर्य ने किया निरीक्षण
-
बैसा खास एवं चंद्रपुरा में अंडरग्राउंड ड्रेनेज सिस्टम का अवलोकन कर ग्रामीणों से लिया फीडबैक
-
विद्यालयों के निरीक्षण में शिक्षा की गुणवत्ता एवं बेहतर शैक्षणिक व्यवस्थाओं पर दिया जोर
-
नीति आयोग के आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के आकांक्षी विकासखंड बल्देवगढ़ में संचालित विकास कार्यों एवं शासकीय संस्थाओं की व्यवस्थाओं की जानकारी लेने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के संचालक श्री रमीत मौर्य ने आज क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न विकास कार्यों एवं संस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत बैसा खास तथा चंद्रपुरा में स्थापित अंडरग्राउंड ड्रेनेज सिस्टम का अवलोकन किया। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर इस व्यवस्था की उपयोगिता, संचालन एवं उससे मिल रहे लाभों के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। ग्रामीणों ने भी व्यवस्था के संबंध में अपने अनुभव साझा किए। संचालक श्री मौर्य ने ग्राम पंचायतों द्वारा अपनाए गए इस नवाचार की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता एवं जल निकासी की बेहतर व्यवस्था विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
शिक्षा की गुणवत्ता एवं बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था पर दिया जोर
भ्रमण के दौरान संचालक श्री मौर्य ने माध्यमिक शाला भैलसी तथा ग्राम चंद्रपुरा स्थित शासकीय हाईस्कूल का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों, शिक्षण व्यवस्था एवं विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा शिक्षण कार्य को प्रभावी एवं परिणामोन्मुखी बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में ऐसा शैक्षणिक वातावरण विकसित किया जाए, जिससे प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त हो तथा उनकी सीखने की क्षमता एवं शैक्षणिक स्तर में निरंतर सुधार हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षकों को विद्यालयों की व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य संस्थाओं एवं आंगनवाड़ी केंद्र का भी किया निरीक्षण
इसके पश्चात संचालक श्री मौर्य ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भैलसी एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरगापुर का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, व्यवस्थाओं एवं आम नागरिकों को प्रदान की जा रही सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने तथा आमजन को बेहतर एवं सुगम स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। इसी क्रम में उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र भैलसी का निरीक्षण कर केंद्र की व्यवस्थाओं एवं बच्चों तथा हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली।
शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश
संचालक श्री मौर्य ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं एवं कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए आमजन को उनका लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने शासकीय संस्थाओं में उपलब्ध सुविधाओं की गुणवत्ता बनाए रखने तथा व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर एसडीएम बल्देवगढ़ श्री निशांत भूरिया, जिला योजना अधिकारी श्री रामबाबू गुप्ता, जिला समन्वयक जिला पंचायत श्री मनीष जैन, जनपद सीईओ श्री विकास राव सहित संबंधित अधिकारी, ग्राम पंचायतों के सरपंच उपस्थित रहे।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh