कांग्रेस ने शहीद स्थल पर दी श्रद्धांजलि, भाजपा सरकार पर लगाए उपेक्षा और भ्रष्टाचार के आरोप
उपेंद्र थापली और अमित गुप्ता बोले- शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाने के लिए प्रदेश में सत्ता परिवर्तन जरूरी’
मसूरी। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के 26वें वर्ष पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मसूरी शहीद स्थल पर मोमबत्तियां जलाकर और पुष्पांजलि अर्पित कर राज्य आंदोलन के शहीदों को नमन किया। इस दौरान शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाने के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया। इस मौके पर कांग्रेस नेता उपेंद्र थापली और शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता ने भाजपा सरकार पर राज्य आंदोलनकारियों और शहीदों के सपनों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में प्रदेश के हितों के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। आज भी राज्य आंदोलनकारी अपने चिन्हीकरण और सम्मान की लड़ाई लड़ रहे हैं, जबकि कई शहीदों के परिजनों को आंदोलनकारी का दर्जा तक नहीं मिल पाया है। कांग्रेस नेताओं ने अंकिता भंडारी प्रकरण का जिक्र करते हुए न्याय में देरी पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ रहा है तथा पहाड़ों से लगातार पलायन हो रहा है। उन्होंने कहा कि जिस उम्मीद के साथ उत्तराखंड राज्य का निर्माण हुआ था, वह सपना अभी पूरा नहीं हो पाया है। उन्होंने जनता से भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने की अपील करते हुए दावा किया कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। कांग्रेस की सरकार बनने पर शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाने, आंदोलनकारियों को सम्मान देने और उनकी लंबित मांगों को पूरा करने के लिए प्रयास किए जाएंगे
#cmuttrakhkhand #BJPNEWS #congressnews #GaneshJoshi #CongressParty #Congressman #BJPGovernment #landslide #uttarkhand #ganesh
Mussoorie, Dehradun | Nov 10, 2026