भागलपुर, 02 सितंबर 2026:- भागलपुर, खरीक प्रखंड अंतर्गत राधोपुर क्षेत्र में गंगा नदी के कटाव से उत्पन्न बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रभावित लोगों को त्वरित एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग, भागलपुर द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 05 विशेष स्वास्थ्य शिविरों का संचालन किया जा रहा है।
इन स्वास्थ्य शिविरों में स्वास्थ्य विभाग की चिकित्सा टीम द्वारा बाढ़ प्रभावित लोगों की नियमित स्वास्थ्य जांच की जा रही है तथा आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रतिदिन औसतन 350 से 400 बाढ़ प्रभावित लोगों को चिकित्सकीय परामर्श, उपचार एवं आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
बाढ़ के दौरान उत्पन्न होने वाली संभावित स्वास्थ्य समस्याओं को ध्यान में रखते हुए चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा बुखार, सर्दी-खांसी, त्वचा संबंधी रोग, दस्त, पेट संबंधी समस्याओं एवं अन्य सामान्य बीमारियों की जांच एवं उपचार किया जा रहा है। गंभीर अथवा विशेष चिकित्सकीय देखभाल की आवश्यकता वाले मरीजों को आवश्यकतानुसार उच्चतर स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर करने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों एवं अन्य जरूरतमंद मरीजों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है तथा उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श एवं चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
जलजनित एवं संक्रामक रोगों से बचाव के लिए प्रभावित लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल के उपयोग, पानी को उबालकर अथवा क्लोरीनयुक्त कर पीने, भोजन को ढककर रखने, हाथों की नियमित सफाई तथा मच्छरों से बचाव के संबंध में भी जागरूक किया जा रहा है।
लोगों को सलाह दी जा रही है कि वे बाढ़ के पानी के सीधे संपर्क से यथासंभव बचें तथा बुखार, दस्त, उल्टी, त्वचा संबंधी समस्या अथवा किसी अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानी की स्थिति में तत्काल निकटतम स्वास्थ्य शिविर से संपर्क करें।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यकता के अनुसार स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करते हुए प्रभावित लोगों तक समय पर गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं।
District Administration Patna
DM Darbhanga
District Administration, Madhubani
Madhepura District Administration
Bhagalpur District Administration
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Bihar Health Department
CMO Bihar
13 views | Bhagalpur, Bihar | Sep 2, 2026