ग्रामीण महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए जुटे विभागीय प्रतिनिधि और सामाजिक संगठन
बड़हरा लाला में समाधान मानव सेवा संस्थान ने आयोजित की एक दिवसीय इंटरफेस कार्यशाला, महिला अधिकारों, स्वास्थ्य, रोजगार और बैंकिंग सेवाओं पर हुआ मंथन
#महराजगंज। ग्रामीण महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए विभागों एवं समुदाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से गुरुवार को #पनियरा ब्लॉक के बड़हरा लाला स्थित #समाधान_मानव_सेवा_संस्थान के परियोजना कार्यालय में एक दिवसीय इंटरफेस कार्यशाला का आयोजन किया गया। ग्रामीण #महिला_सशक्तिकरण कार्यक्रम (ERW Project) के अंतर्गत आयोजित इस कार्यशाला में नारी संघ की अगुआ महिलाओं, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों, बैंकिंग सेवाओं से जुड़े लोगों, सामाजिक संगठनों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा किशोर-किशोरी संघ के सदस्यों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वंचित विकास समिति की अध्यक्ष श्रीमती पृथ्वी देवी, विशेष अतिथि कौशल्या सेवा संस्थान के प्रतिनिधि, संस्था प्रमुख अरविन्द त्रिपाठी एवं नारी संघ की अगुआ महिलाओं की उपस्थिति में भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इस दौरान भारत माता वंदना और राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। अनुराधा ने सतीप्रथा पर आधारित चेतना गीत के माध्यम से महिलाओं के संघर्ष, सम्मान और अधिकारों का संदेश दिया। वहीं गुड़िया, राधिका, अनुराधा, प्रित्मी, उर्मिला एवं मीरा ने सामूहिक चेतना गीत प्रस्तुत कर महिला एकता और सामाजिक जागरूकता पर जोर दिया।
कार्यशाला में प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर सूरज सिंह ने ERW परियोजना के उद्देश्यों और छह ग्राम पंचायतों में संचालित गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया में सहयोग करना और उनकी समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाना भी जरूरी है। उन्होंने नारी संघ की अगुआ महिलाओं को ग्रामीण स्तर पर जागरूकता और सामुदायिक नेतृत्व की महत्वपूर्ण कड़ी बताया।
कार्यशाला के विभिन्न सत्रों में महिला स्वयं सहायता समूहों, बैंकिंग सेवाओं, स्वास्थ्य, रोजगार और महिला अधिकारों पर विस्तार से चर्चा हुई। समूह सखी सीमा एवं राधिका तथा स्वास्थ्य सखी रीता ने महिला समूहों की भूमिका, नियमित बैठकों, बचत और सामुदायिक भागीदारी की जानकारी दी। बैंक सखी अंजली ने महिलाओं को बैंकिंग सेवाओं, नियमित बचत, ऋण सुविधा और स्वयं सहायता समूहों को बैंकों से जोड़ने की प्रक्रिया समझाई। वहीं रेनू, सुधा, रंजू एवं नीलू चौरसिया ने CLW एवं BRC के माध्यम से समुदाय के साथ किए जा रहे कार्यों और जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला।
स्वास्थ्य के क्षेत्र में सोनी चौहान ने गर्भवती महिलाओं की देखभाल, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी। रोजगार सेवक गिरजा यादव ने मनरेगा के तहत जॉब कार्ड, रोजगार की मांग और ग्रामीण परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया बताई। नारी संघ की अगुआ महिलाओं ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ग्रामीण महिलाओं की समस्याओं को सामने लाने और उनके समाधान की दिशा में प्रभावी पहल की जा सकती है।
इस अवसर पर मीडिया एवं सामाजिक संगठनों की भूमिका पर चर्चा करते हुए अजय नायक और गणेश यादव ने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने, सरकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने तथा सामाजिक जागरूकता बढ़ाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। किशोर एवं किशोरी संघ की ओर से साधना, अलका, सीमा, माइकल, भारतवाज एवं अमित ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और बाल अधिकारों से जुड़े अनुभव साझा किए।
कार्यशाला में वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, मनरेगा, महिला सुरक्षा, घरेलू हिंसा, बाल अधिकार और स्वयं सहायता समूहों की वित्तीय मजबूती जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। साथ ही पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, ग्राम पंचायत स्तर पर नारी संघ की नियमित बैठकें आयोजित करने और विभागीय प्रतिनिधियों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने की कार्ययोजना पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों, विभागीय प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, मीडिया प्रतिनिधियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इसके बाद सामूहिक भोजन का आयोजन हुआ।
इस अवसर पर संस्था के प्रतिनिधियों ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं का वास्तविक सशक्तिकरण तभी संभव है, जब उन्हें अपने अधिकारों की जानकारी के साथ सरकारी योजनाओं तक पहुंच, आर्थिक आत्मनिर्भरता और निर्णय लेने में भागीदारी का अवसर मिले। कार्यशाला ने विभागों, सामाजिक संगठनों और समुदाय को एक मंच पर लाकर इस दिशा में सामूहिक प्रयासों को मजबूत करने का संदेश दिया।
Public maharajganj #news #bignews #mahilasashaktikaran #social #socialreforming #paniyara #maharajganj #uttarpradesh