नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन, 600 मरीजों के स्वास्थ्य की हुई जांच, समाजसेवियों का भी हुआ सम्मान
समय पर स्वास्थ्य जांच से बचा जा सकता है कई गंभीर बीमारियों से : ओमप्रकाश सैनी
भिवानी, 22 नवंबर : क्षेत्र की सामाजिक संस्थाओं के विशेष आग्रह पर ऑर्थोकेयर हॉस्पिटल भिवानी की ओर से रविवार को स्थानीय रामलीला ग्राउंड में नि:शुल्क सेवा एवं सम्मान चिकित्सा परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाजसेवियों को भी सम्मानित किया गया। ऑल सैनी समाज लोहारू के प्रबंधन में आयोजित इस शिविर में कुल 600 मरीजों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें नि:शुल्क परामर्श और दवाइयां वितरित की गईं। मेदांता द मेडिसिटी गुरुग्राम और श्री आरोग्य के सहयोग से लगे इस शिविर में विभिन्न रोगों के सुविख्यात विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। इनमें हृदय रोग विशेषज्ञ डा. सुशील कुमार सैनी, हड्डी एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ डा. जितेंद्र सैनी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डा. शिल्पा सैनी और बाल रोग विशेषज्ञ डा. सौम्या श्रीवास्तव मुख्य रूप से शामिल रहे। चिकित्सकों की टीम ने न केवल मरीजों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का परामर्श दिया, बल्कि आवश्यकतानुसार उनकी नि:शुल्क जांचें कर दवाइयां भी उपलब्ध करवाईं। शिविर के सफल समापन पर सैनी कल्याण परिषद के उपप्रधान ओमप्रकाश सैनी एवं शिक्षाविद राजकुमार सैनी ने कहा कि ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों के लोगों को उनके घर के नजदीक ही बेहतर और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना ही इस शिविर का मुख्य उद्देश्य था। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और समय पर जांच से कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है। समाज के लोगों और संस्थाओं के आग्रह पर ऑर्थोकेयर हॉस्पिटल की टीम ने लोहारू आकर जो पुनीत कार्य किया है, वह अत्यंत सराहनीय है। भविष्य में भी जनहित में इस प्रकार के सामाजिक और स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन निरंतर जारी रहेगा। शिविर को सफल बनाने में समाज के सभी सदस्यों और स्थानीय गणमान्य लोगों का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर मार्केट कमेटी वाइस चेयरमैन सुभाष सैनी, संत लाल सैनी, महेंद्र कथूरिया, राम सिंह सैनी, राम सिंह कथूरिया, प्रमोद सैनी, महा सिंह सैनी, अश्विनी सैनी, रामबीर, गोबिंद राम, कन्हैयालाल सैनी, धनपत सैनी, सुनील शर्मा, राजीव वत्सव, संजय खंडेलवाल, कमलेश भोडूका, पवन डालमिया, रोहताश लांबा, अशोक सैनी, पवन स्वामी, पूजा सैनी वाईस चेयरपर्सन सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
Bhiwani, Bhiwani | Nov 22, 2026