भिवानी में विश्व हिंदू परिषद ने शुरू किया हिंदू हित चिंतक अभियान, पोस्टर का हुआ विमोचन
देशभर में एक करोड़ एवं भिवानी जिले में 20 हजार नए हित चिंतक बनाने का लक्ष्य : प्रदीप बंसल
हिंदू हित चिंतक अभियान हिंदू समाज को संगठित एवं मजबूत करने का सशक्त माध्यम बनेगा : महंत चरणदास महाराज
भिवानी, 22 नवंबर : हिंदू समाज को संगठित, जागरूक एवं सशक्त बनाने तथा राष्ट्र और धर्म के हितों की रक्षा के उद्देश्य से विश्व हिंदू परिषद द्वारा देशव्यापी हिंदू हित चिंतक अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत रविवार को स्थानीय हनुमान जोहड़ी धाम मंदिर में महंत चरणदास महाराज के सानिध्य में बैठक आयोजित की गई। इस दौरान अभियान के पोस्टर का विमोचन किया गया तथा महंत चरणदास महाराज की प्रथम सदस्यता रसीद काटकर उन्हें जिले का पहला हिंदू हित चिंतक बनाया गया। इसी के साथ भिवानी जिले में अभियान का विधिवत शुभारंभ हुआ।
विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष प्रदीप बंसल ने जानकारी देते हुए बताया कि विहिप द्वारा प्रत्येक तीन वर्ष में हिंदू हित चिंतक अभियान चलाया जाता है, लेकिन इस बार चार वर्ष के अंतराल के बाद अभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान 22 नवंबर से शुरू होकर 6 दिसंबर की मध्यरात्रि तक चलेगा। उन्होंने बताया कि देशभर में एक करोड़, हरियाणा प्रांत में तीन लाख तथा भिवानी जिले में 20 हजार नए हिंदू हित चिंतक बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिले में वर्तमान में लगभग चार हजार सक्रिय सदस्य हैं। नए हित चिंतकों के जुडऩे से संगठन का विस्तार होगा तथा हिंदू समाज की एकजुटता और शक्ति को नई दिशा मिलेगी।
प्रदीप बंसल ने बताया कि अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए बजरंग दल के प्रांत सह-संयोजक ललित बजरंगी को भिवानी जिले का अभियान संयोजक नियुक्त किया गया है। जिला बजरंग दल संयोजक प्रदीप कुड़ल एवं शुभम बजरंगी को सह-संयोजक तथा अभियान के लेखा-जोखा की जिम्मेदारी राजेश नहरिया को सौंपी गई है। अभियान के अंतर्गत विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, मातृशक्ति एवं दुर्गा वाहिनी के कार्यकर्ता घर-घर और प्रतिष्ठानों तक पहुंचकर लोगों को संगठन से जोड़ेंगे।
उन्होंने बताया कि इस बार अभियान में डिजिटल माध्यम का भी विशेष रूप से उपयोग किया जा रहा है। कार्यकर्ता अपनी विशेष आईडी और ऑनलाइन ऐप के माध्यम से एक ही मोबाइल नंबर पर परिवार के सभी सदस्यों का पंजीकरण कर सकेंगे। क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान सीधे केंद्र के पोर्टल पर जमा होगा। इसके साथ ही पारंपरिक मैनुअल रसीद की व्यवस्था भी जारी रहेगी, जिससे अभियान को आधुनिक तकनीक के साथ सरल, पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाया जा सके।
बजरंग दल के प्रांत सह-संयोजक एवं जिला अभियान संयोजक ललित बजरंगी ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में समाज की सज्जन शक्ति को जागृत एवं संगठित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि पिछले अभियान में भिवानी जिले ने 10 हजार हिंदू हित चिंतक बनाए थे, जबकि इस बार जिला अध्यक्ष प्रदीप बंसल के नेतृत्व में लक्ष्य को दोगुना करते हुए 20 हजार हित चिंतक बनाने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने डिजिटल माध्यम से सदस्यता अभियान चलाने को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि इससे कागज की खपत कम होगी और अभियान का संचालन अधिक सुगम होगा।
हनुमान जोहड़ी धाम के महंत चरणदास महाराज ने विश्व हिंदू परिषद के इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि हिंदू हित चिंतक अभियान हिंदू समाज को एकजुट एवं मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। राष्ट्र, धर्म, मंदिरों एवं गौ रक्षा जैसे विषयों के लिए समाज का संगठित होना आवश्यक है। उन्होंने भिवानी की जनता से आह्वान किया कि घर-घर पहुंचने वाले कार्यकर्ताओं का सहयोग करें तथा अधिक से अधिक संख्या में हिंदू हित चिंतक बनकर राष्ट्र एवं धर्म की मजबूती में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य व्यक्तियों ने 'जय श्रीरामÓ और 'भारत माता की जयÓ के उद्घोष के साथ अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर ललित बजरंगी, गोपाल तंवर, प्रदीप कुड़ल, राजेश नहरिया, पंकज देवसर, शुभम तंवर, सुनील सैनी, अमित राठौड़, धीरज सैनी तथा परम श्रद्धेय अशोक सिंघल जी के भतीजे श्याम चिराग सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।