सोनीपत ने जीती तीसरी मिक्स्ड सीनियर हरियाणा स्टेट नेटबॉल चैंपियनशिप, कैथल की टीम रही तीसरे स्थान पर
युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करती है खेल प्रतियोगिताएं : सरपंच सोनू
भिवानी, 22 नवंबर : जिला के गांव कलिंगा स्थित श्री बालाजी सीनियर सैकेंडरी स्कूल में आयोजित दो दिवसीय तीसरी मिक्स्ड सीनियर हरियाणा स्टेट नेटबॉल चैंपियनशिप 2026-27 का रविवार को उत्साह और खेल भावना के साथ समापन हुआ। दो दिनों तक आयोजित हुई इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हरियाणा के विभिन्न जिलों की टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में सोनीपत की टीम ने रोहतक को 21-18 से हराकर चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाडिय़ों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
सेमीफाइनल मुकाबलों में रोहतक की टीम ने अपने प्रतिद्वंद्वी को 20-17 से हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में सोनीपत ने 26-15 से जीत दर्ज कर फाइनल का टिकट कटाया। तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में कैथल की टीम ने भिवानी की टीम को हराकर 38-25 से जीत हासिल कर प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त किया। फाइनल मुकाबले में सोनीपत और रोहतक की टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। दोनों टीमों के खिलाडिय़ों ने शानदार खेल कौशल, तालमेल और रणनीति का प्रदर्शन किया। अंतत: सोनीपत ने 21-18 के अंतर से मुकाबला जीतकर प्रथम स्थान हासिल किया। रोहतक की टीम दूसरे तथा कैथल की टीम तीसरे स्थान पर रही।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अमरू पाना कालिंगा के सरपंच सोनू सरपंच उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में पवन कौशिक, श्री बालाजी सीनियर सेकेंडरी स्कूल कालिंगा की एमडी रेणुका शर्मा, विकास शर्मा और प्रिया ने शिरकत की। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाडिय़ों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सोनू सरपंच ने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता बढ़ाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, आपसी सहयोग और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। उन्होंने कहा कि खेल के मैदान में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना और निरंतर मेहनत है। खिलाडिय़ों को चाहिए कि वे नियमित अभ्यास करें और अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत रहें।
विशिष्ट अतिथि एवं स्कूल की एमडी रेणुका शर्मा ने कहा कि श्री बालाजी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन होना विद्यालय के लिए गौरव की बात है। इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों और युवा खिलाडिय़ों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ प्रदेश के अन्य खिलाडिय़ों से सीखने का अवसर भी प्रदान करते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों, प्रशिक्षकों और आयोजन से जुड़े लोगों का आभार व्यक्त किया। हरियाणा नेटबॉल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश में नेटबॉल खेल को बढ़ावा देने तथा प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों को बेहतर मंच उपलब्ध करवाने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन जारी रखा जाएगा।