26 नवंबर को किसान आंदोलन की छठी वर्षगांठ पर भिवानी जिले से सैकड़ों किसान टिकरी बॉर्डर पहुंचेंगे : रामफल देशवाल
नहरी पानी, टावर लाइनों का उचित मुआवजा और 2023 के कपास बीमा क्लेम के भुगतान के लिए तहसील स्तर पर आंदोलन तेज करेगी किसान सभा
बहल / भिवानी 22 नवंबर , 2026
अखिल भारतीय किसान सभा जिला कमेटी भिवानी की बैठक आज बहल अनाज मंडी में जिला प्रधान रामफल देशवाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का संचालन किसान सभा के जिला सचिव मास्टर जगरोशन ने किया। बैठक की शुरुआत में कामरेड मान सिंह, फूल सिंह देशवाल की पत्नी खजानी देवी तथा हरियाणा के पूर्व शिक्षा मंत्री फूलचंद मुलाना के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बैठक में 26 नवंबर को किसान आंदोलन की छठी वर्षगांठ पर टिकरी बॉर्डर पहुंचने, एम एस पी सी2+50 प्रतिशत की संवैधानिक गांरटी कानून बनाने , बिजली निजीकरण विधेयक 2024 वापिस लेने , किसानों को कर्ज मुक्त करने , किसान सभा की सदस्यता बढ़ाने, किसानों को नहरी पानी व पीने का पानी उपलब्ध करवाने, बिजली की टावर लाइनों के लिए न्यायोचित मुआवजा दिलवाने तथा वर्ष 2023 के लंबित कपास बीमा क्लेम की 255 करोड़ रूपये की राशि का शीघ्र भुगतान करवाने सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
किसान सभा के नेताओं ने बताया कि 26 नवंबर को भिवानी जिले से सैकड़ों किसान आंदोलन की छठी वर्षगांठ पर टिकरी बॉर्डर पहुंचेंगे। इस अवसर पर किसान आंदोलन के दौरान शहीद हुए 736 किसानों की याद में राष्ट्रीय किसान स्मारक बनाने की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी , जिसका केन्द्र सरकार ने वायदा किया था । किसान नेताओं ने कहा कि ऐतिहासिक किसान आंदोलन ने देश के किसानों की एकजुटता और संघर्ष की ताकत को साबित किया था। शहीद किसानों की कुर्बानी को हमेशा याद रखा जाएगा।
बैठक में अखिल भारतीय किसान सभा के 36वें राष्ट्रीय सम्मेलन पर भी चर्चा की गई। नेताओं ने कहा कि तेलंगाना के नालगोंडा में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन बेहद अनुशासित और सफल रहा। सम्मेलन में लिए गए फैसलों को गांव-गांव तक पहुंचाकर किसान सभा के संगठन को मजबूत किया जाएगा और सदस्यता अभियान को गति दी जाएगी।
किसान नेताओं ने कहा कि भिवानी जिले में नहरी पानी की स्थिति बेहद खराब है। किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा तथा अनेक गांवों में पीने के पानी की समस्या भी गंभीर बनी हुई है। नहरी पानी लगभग न के बराबर पहुंच रहा है। इसलिए सभी तहसीलों में गांवों तक पर्याप्त नहरी पानी और स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की मांग को लेकर आंदोलन चलाया जाएगा।
बैठक में बिजली की हाईटेंशन टावर लाइनों के लिए किसानों को उचित और न्यायसंगत मुआवजा देने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। नेताओं ने कहा कि सिवानी और बलियाली सहित कई क्षेत्रों में प्रशासन पावर ग्रिड के दबाव में किसानों की सहमति और उचित मुआवजे के बिना टावर लगाने का प्रयास कर रहा है। मोतीपुरा गांव में किसानों ने इसके खिलाफ धरना शुरू कर दिया है। किसान सभा अन्य प्रभावित गांवों में भी आंदोलन और धरने शुरू करवाएगी। किसानों को उनकी जमीन और फसलों के नुकसान का वाजिब मुआवजा दिलवाने के लिए किसान सभा पूरी ताकत से संघर्ष करेगी।
किसान नेताओं ने वर्ष 2023 के कपास फसल बीमा क्लेम का भुगतान अभी तक नहीं होने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने मांग की कि बीमा कंपनी और सरकार किसानों के लंबित क्लेम का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करें। किसानों को उनके अधिकारों से वंचित नहीं किया जा सकता।
बैठक में निर्णय लिया गया कि इन सभी मांगों को लेकर गांवों और तहसीलों में किसानों को लामबंद किया जाएगा तथा किसान सभा के संगठन को मजबूत करते हुए संघर्षों को तेज किया जाएगा। बैठक में जिला कमेटी पदाधिकारी कामरेड ओम प्रकाश , मास्टर उमराव सिंह, दयानन्द पूनिया , कविता आर्य , करण सिंह जैनावास, राजेश कुंगड़ , सुबेदार धनपत ओबरा , अन्तर कस्वा , रामोतार बलियाली , सन्तोष देशवाल , रणधीर सिंह , इन्द्र सिंह , मीर सिंह , सतबीर ओबरा , दलबीर चैहड़ , हवा सिंह जांगड़ा , डॉ० सुमेर सांगवान , महाबीर फौजी , रामचन्द्र फौजी , शमशेर सिंह व श्री चन्द सहित सभी जिला कमेटी सदस्य शामिल थे ।
जारी कर्ता कामरेड ओम प्रकाश, जिला उप प्रधान किसान सभा भिवानी ।