प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां हरियाली मंदिर को जोड़ने वाले मार्ग की हालत बदतर!! जसोली कोट-घोलतीर मोटर मार्ग के सुधारीकरण की मांग ने पकड़ा जोर,
15 दिन में सड़क सुधार कार्य शुरू न होने पर युवा नेता प्रदीप रावत ने दी आंदोलन की चेतावनी,
रुद्रप्रयाग। जसोली कोट-घोलतीर मोटर मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर क्षेत्रीय जनता की चिंता अब विभागीय स्तर पर भी पहुंच गई है। पूर्व छात्र संघ सचिव एवं युवा सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप सिंह रावत ने अधिशासी अभियंता, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई), रुद्रप्रयाग को पत्र भेजकर मार्ग के तत्काल सुधारीकरण की मांग की है।
पत्र में उन्होंने कहा कि जसौली कोट-घोलतीर सड़क लंबे समय से कई स्थानों पर बेहद जर्जर हालत में है। सड़क की खराब स्थिति के कारण स्थानीय लोगों के साथ-साथ इस मार्ग से आवाजाही करने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग क्षेत्र के प्रसिद्ध मंदिर हरियाली देवी तथा जगत सिंह जंगली द्वारा विकसित प्रसिद्ध जंगल से भी जुड़ता है, जिससे यहां श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही बनी रहती है।
उन्होंने कहा कि सड़क की खराब स्थिति के कारण क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचने में भी दिक्कत होती है। वहीं, स्कूली एवं उच्च शिक्षा के छात्र-छात्राओं को भी इसी मार्ग से आवागमन करना पड़ता है। ऐसे में सड़क की बदहाली कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।
प्रदीप सिंह रावत ने विभाग से क्षेत्रीय जनता एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए 15 दिन के भीतर सड़क सुधारीकरण का कार्य शुरू कराने की मांग की थी। साथ ही कार्य शुरू न होने की स्थिति में क्षेत्रीय जनता के साथ आंदोलन की चेतावनी दी गई थी।
पत्र के बाद विभाग की ओर से ठेकेदार को पेच मरम्मत कार्य के लिए तत्काल लिखित नोटिस दिए जाने तथा कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया गया। साथ ही मोटर मार्ग पर रिसर्फेसिंग कार्य के लिए मुख्य अभियंता, पीएमजीएसवाई को आगणन तैयार करने को लेकर आवश्यक दस्तावेज भेजे जाने की जानकारी दी गई है। विभाग ने जल्द ही सड़क पर कार्य शुरू कराने का भरोसा दिलाया है। विभाग के आश्वासन के बाद फिलहाल आंदोलन का निर्णय वापस ले लिया गया है।