टीबी के खिलाफ जनभागीदारी को मिलेगा ‘जोश’!! जनपद में जोश टीम का शुभारंभ, गांव-गांव पहुंचाएगी जागरूकता का संदेश,
कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने दिलाई टीबी मुक्त भारत की शपथ!!
रुद्रप्रयाग। टीबी मुक्त भारत अभियान को जनआंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से जनपद रुद्रप्रयाग में गुरुवार को ‘जोश टीम’ का शुभारंभ किया गया। जिला सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने टीम के सदस्यों को टीबी मुक्त भारत की शपथ दिलाई और अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नई दिल्ली से आयोजित जोश टीम के शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य केवल स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों से हासिल नहीं किया जा सकता। इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने जोश टीम के सदस्यों से टीबी के लक्षणों, जांच और उपचार को लेकर लोगों को जागरूक करने तथा मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि समय पर जांच और पूरा उपचार टीबी से मुक्ति का सबसे प्रभावी माध्यम है। टीम के सदस्य गांवों और समुदायों के बीच पहुंचकर लोगों को जागरूक करें और अधिक से अधिक नागरिकों को टीबी मुक्त भारत अभियान से जोड़ें। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि जोश टीम टीबी उन्मूलन अभियान की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगी। उन्होंने टीम सदस्यों से टीबी से बचाव, जांच और उपचार से संबंधित जानकारी व्यापक स्तर पर पहुंचाने की अपील की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल ने बताया कि जोश टीम का प्रमुख उद्देश्य लोगों को टीबी के लक्षणों की जानकारी देना, समय पर जांच के लिए प्रेरित करना और मरीजों को नियमित रूप से उपचार पूरा करने के लिए सहयोग देना है। साथ ही टीबी को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों और गलतफहमियों को दूर करने तथा मरीजों के साथ भेदभाव रोकने के लिए भी जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
सजीव प्रसारण के बाद जोश टीम के ब्लॉक नोडल ने माय भारत वॉलंटियर्स और एनसीसी कैडेट्स के साथ संवाद किया। इस दौरान आगामी टीबी उन्मूलन गतिविधियों और जनजागरूकता कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई।