केदारनाथ में परिजनों से बिछड़ी 15 वर्षीय बालिका को पुलिस ने सकुशल मिलाया!!
हेलीपैड क्षेत्र से हुई थी लापता, भीमबली चौकी पुलिस ने तलाश कर परिजनों के सुपुर्द किया!!
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम में परिजनों से बिछड़ी 15 वर्षीय बालिका को रुद्रप्रयाग पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बालिका के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस का आभार जताया।
पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को पश्चिम बंगाल के हावड़ा निवासी 15 वर्षीय सुदीपा मंडल पुत्री विद्युत मंडल श्री केदारनाथ धाम के कमर्शियल हेलीपैड क्षेत्र के पास अपने परिजनों से बिछड़ गई थी। परिजनों ने अपने स्तर से बालिका की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद नीचे लौटते समय उन्होंने बालिका के लापता होने की सूचना चौकी लिंचोली पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही लिंचोली पुलिस ने बालिका की तलाश शुरू करने के साथ ही चौकी भीमबली पुलिस को भी इसकी जानकारी दी। भीमबली पुलिस ने अपने क्षेत्र में सघन तलाश और चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान श्री केदारनाथ धाम की ओर से अकेले नीचे आ रही एक बालिका पर पुलिस की नजर पड़ी। फोटो के माध्यम से पहचान किए जाने पर बालिका के सुदीपा मंडल होने की पुष्टि हुई।
पुलिस कर्मियों ने बालिका को सुरक्षित रूप से चौकी भीमबली पहुंचाया। इसके बाद उसके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध न होने के कारण तत्काल संपर्क नहीं हो सका। करीब तीन घंटे बाद बालिका के परिजन केदारनाथ की ओर से चौकी भीमबली पहुंचे।
पुलिस ने आवश्यक सत्यापन की कार्रवाई पूरी करने के बाद बालिका को उसके चाचा आनंद मंडल, निवासी हावड़ा, पश्चिम बंगाल की सुपुर्दगी में सकुशल सौंप दिया। बालिका के मिलने पर परिजनों ने रुद्रप्रयाग पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता के लिए आभार व्यक्त किया। इसके बाद परिवार अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गया।