अस्वस्थ महिला श्रद्धालु को सहारा देकर महिला फायरकर्मियों ने कराए बाबा केदार के दर्शन!! हाल ही में हुआ था ऑपरेशन, चलने में थी असमर्थता,
प्रियंका और अमिता की संवेदनशीलता की श्रद्धालु दंपती ने की सराहना!!
रुद्रप्रयाग/केदारनाथ। केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान रुद्रप्रयाग पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही सेवा और मानवीय संवेदनशीलता का भी परिचय दे रही है। केदारनाथ धाम में तैनात महिला फायरकर्मियों प्रियंका और अमिता ने एक अस्वस्थ महिला श्रद्धालु को सहारा देकर बाबा केदारनाथ के दर्शन कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार 8 अक्टूबर को एक महिला श्रद्धालु अपने पति के साथ केदारनाथ धाम दर्शन के लिए पहुंचीं। महिला का हाल ही में ऑपरेशन हुआ था, जिसके चलते वह ठीक से चल-फिर नहीं पा रही थीं। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ और उनकी शारीरिक स्थिति के कारण मुख्य मंदिर तक पहुंचना उनके लिए मुश्किल हो रहा था।
ड्यूटी पर तैनात महिला फायरकर्मियों प्रियंका और अमिता की नजर जब महिला श्रद्धालु की परेशानी पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल मदद के लिए आगे बढ़कर उन्हें संभाला। दोनों कर्मियों ने महिला को सहारा देते हुए सुरक्षित रूप से मुख्य मंदिर प्रांगण तक पहुंचाया और बाबा केदारनाथ के दर्शन कराए।
दर्शन के बाद श्रद्धालु महिला और उनके पति ने दोनों महिला फायरकर्मियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन के बाद उनके लिए चलना बेहद कठिन था, ऐसे में पुलिस कर्मियों ने जिस आत्मीयता और संवेदनशीलता के साथ मदद की, उससे उनके लिए बाबा केदार के दर्शन संभव हो सके।
रुद्रप्रयाग पुलिस का यह मानवीय प्रयास चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ उनकी सहायता और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। पुलिसकर्मी “मित्रता, सेवा एवं सुरक्षा” के संकल्प के साथ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सहायता के लिए लगातार तत्पर हैं।