प्रवासी पंचायत में रिवर्स पलायन और स्वरोजगार पर जोर!! प्रवासियों से संवाद कर गांवों की अर्थव्यवस्था मजबूत करने पर हुआ मंथन!!
रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में ग्राम्य विकास एवं पलायन निवारण आयोग की ओर से प्रदेशभर में आयोजित की जा रही प्रवासी पंचायतों की कड़ी में गुरुवार को रुद्रप्रयाग में प्रवासी पंचायत आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता आयोग के उपाध्यक्ष डॉ. एस.एस. नेगी ने की। पंचायत में प्रवासियों से संवाद कर रिवर्स पलायन, स्वरोजगार, उद्यमिता और गांवों की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के उपायों पर मंथन किया गया।
डॉ. नेगी ने कहा कि प्रवासी पंचायत का उद्देश्य मूल गांवों से पलायन कर अन्य क्षेत्रों में रह रहे लोगों से संवाद स्थापित करना और उन्हें सरकार की स्वरोजगार एवं आजीविका से जुड़ी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि गांव लौटकर उद्यम और स्वरोजगार शुरू करने वाले प्रवासियों के अनुभव अन्य लोगों के लिए प्रेरणादायी हो सकते हैं। उन्होंने योजनाओं का लाभ लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर सृजित करने और रिवर्स पलायन को गति देने पर जोर दिया।
आयोग की सदस्या रंजना रावत ने कहा कि गांवों में आजीविका के पर्याप्त साधन विकसित करना रिवर्स पलायन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वहीं सदस्य सचिव ए.के. राजपूत ने ग्राम्य विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने विकसित भारत रोजगार गारंटी एवं आजीविका मिशन ग्रामीण (VB-G RAM G), मनरेगा, मुख्यमंत्री पलायन रोकथाम योजना, रीप तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से रोजगार, स्वरोजगार और महिला आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने की जानकारी दी।
मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने कहा कि सरकार की स्वरोजगार और पलायन निवारण योजनाओं का अधिकतम लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। प्रवासी पंचायत में प्राप्त सुझावों को विकास योजनाओं में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे प्रवासियों ने अपने अनुभव, सफलता की कहानियां और समस्याएं साझा कीं। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने स्वरोजगारपरक योजनाओं एवं उपलब्ध सरकारी सहायता की जानकारी दी। कार्यक्रम में आयोग के सदस्य सुरेश सुयाल, सदस्य रंजना रावत, वरिष्ठ शोध अधिकारी जी.पी. लखेड़ा, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र महेश प्रकाश, जिला उद्यान अधिकारी आर.पी. जसोला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।