राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने जनजातीय क्षेत्र पांगी की ग्राम पंचायत शौर को लिया गोद
पंचायत के समग्र एवं संतुलित विकास का संकल्प, खेल मैदान से लेकर लाइब्रेरी, कम्युनिटी हॉल, जिम और सोलर लाइट, हेलीपैड जैसी सुविधाओं को किया जाएगा सुदृढ़
पांगी/चंबा।
जनजातीय क्षेत्र पांगी की ग्राम पंचायत शौर के लिए एक महत्वपूर्ण एवं विकासोन्मुख पहल करते हुए राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार जी ने ग्राम पंचायत शौर को गोद लेने की घोषणा की। इस अवसर पर आयोजित भव्य स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम में क्षेत्र के हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और राज्यसभा सांसद का गर्मजोशी से स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान जनजातीय क्षेत्र को विकास की नई दिशा देने तथा क्षेत्र में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करने का संकल्प लिया गया। राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि जनजातीय क्षेत्र की पंचायत को गोद लेने का उद्देश्य केवल आधारभूत ढांचे का विकास करना नहीं, बल्कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाते हुए समग्र, संतुलित और दीर्घकालिक विकास सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि पंचायत में खेल मैदान, जिम, लाइब्रेरी, कम्युनिटी हॉल तथा सोलर लाइट, श्मशान घाट, हेलीपैड सहित विभिन्न आवश्यक सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही क्षेत्र की भौगोलिक एवं कृषि परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जैविक खेती को बढ़ावा देने और उसका विस्तार करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि स्थानीय किसानों को आधुनिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों से जोड़ा जा सके तथा उनकी आय के अवसरों में वृद्धि हो।
डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों का विकास देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत 2047 की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा स्थानीय आवश्यकताओं और जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा तथा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए हर आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर जनजातीय क्षेत्र पांगी भरमौर के विधायक डॉ जनक राज जी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए इस पहल को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जनजातीय क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने से ग्रामीणों को बेहतर जीवन-स्तर उपलब्ध होगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश सचिव एवं जनजातीय क्षेत्र पांगी से संबंध रखने वाले तिलक राज शर्मा उपस्थित रहे उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्र के लोगों को मूलभूत सुविधाएं मिलनी चाहिए ताकि यह लोग भी देश की मुख्य धारा से जुड़कर आगे बढ़ सके उन्होंने राज्यसभा सांसद डॉक्टर सिकंदर कुमार जी का धन्यवाद करते हुए कहा की जनजातीय क्षेत्र की पंचायत को गोद लेना हमारे लिए गर्व का विषय है तिलक राज शर्मा ने कहा की पूर्व में भी अपने राज्यसभा मैं जनजातीय क्षेत्र के अनेकों मुद्दे जैसे सड़क बिजली और टनल को प्रभावी तरीके से उठाने का कार्य किया
कार्यक्रम में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील नेगी जी भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी जनजातीय क्षेत्र के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों का स्वागत करते हुए जनजातीय क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए सहयोग का विश्वास दिलाया।
इस भव्य आयोजन में पंचायत प्रतिनिधियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लिया। हजारों लोगों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष रूप से ऐतिहासिक एवं यादगार बना दिया।
ग्राम पंचायत शौर के पंचायत प्रधान दयाराम शर्मा जी ने राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार सहित सभी गणमान्य अतिथियों का स्वागत करते हुए पंचायत की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पंचायत को गोद लिया जाना क्षेत्रवासियों के लिए गौरव और विकास की नई उम्मीद का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि सांसद के मार्गदर्शन एवं सहयोग से पंचायत में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और जनजातीय क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने भी राज्यसभा सांसद द्वारा ग्राम पंचायत शौर को गोद लिए जाने की पहल का स्वागत किया और इसे क्षेत्र के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण एवं दूरगामी कदम बताया।
ग्राम पंचायत शौर को गोद लिए जाने की यह पहल जनजातीय क्षेत्र में विकास, आत्मनिर्भरता, बेहतर आधारभूत सुविधाओं और स्थानीय संसाधनों के प्रभावी उपयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखी जा रही है।
Kullu, Kullu | Sep 12, 2026