बंजार भाजपा मंडल द्वारा तीर्थन घाटी की अनदेखी के खिलाफ गुशैनी में जोरदार प्रदर्शन;
विधायक सुरेंद्र शौरी ने कांग्रेस सरकार पर केंद्रीय बजट के दुरुपयोग का लगाया आरोप
Kullu Times
आज बंजार भाजपा मंडल द्वारा तीर्थन घाटी के गुशैनी में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में बंजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र शौरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों व पार्टी शीर्ष नेतृत्व द्वारा सौंपे गए दिशा-निर्देशों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के उपरांत, तीर्थन घाटी की ज्वलंत समस्याओं और प्रदेश सरकार की वादाखिलाफ़ी के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने गुशैनी बाजार में प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर हल्लाबोल और रोष प्रदर्शन किया।प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी ने प्रदेश सरकार द्वारा क्षेत्र की जा रही लगातार अनदेखी पर कड़ा आक्रोश प्रकट किया। विधायक शौरी ने जानकारी देते हुए कहा कि विधायक प्राथमिकता के अंतर्गत पेखड़ी व नोहांडा पंचायतों के लिए सम्मिलित रूप से पेयजल उपलब्ध कराने हेतु पाँच करोड़ की लागत वाली परियोजना तैयार कर 2023 में नाबार्ड को प्रेषित की गई थी, जिसे वर्तमान प्रदेश सरकार के इशारे पर निरस्त कर वापस भेज दिया गया है, जो सीधे तौर पर घाटी की जनता के साथ अन्याय है।विधायक शौरी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने क्षेत्र की जनता के यातायात को सुगम बनाने के लिए अभूतपूर्व पहल की है। बंजार-बठाहड़ मुख्य सड़क को स्तरोन्नत करने के लिए करीब 12 करोड़ का बजट स्वीकृत किया गया था और पिछले वर्ष से इस पर काम चल रहा था। लेकिन आज प्रदेश सरकार और विभाग की उदासीनता के कारण यह काम पूरी तरह से ठप पड़ा है। सड़क की टारिंग का भविष्य अंधकार में है और यही हाल घाटी की सरची व पेखड़ी जैसी अन्य संपर्क सड़कों का भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र से मिलने वाले विकास के पैसे से कांग्रेस सरकार अपनों की झोली भर रही है, जिसके कारण सभी सड़क परियोजनाएं अधर में लटक गई हैं।इसके साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने पिछले वर्ष भारी बरसात की आपदा में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गुशैनी के ढह चुके भवन का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। सरकार द्वारा नए भवन के निर्माण में की जा रही अत्यधिक देरी के कारण स्थानीय छात्रों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा ने सरकार से मांग की है कि छात्रों के भविष्य को देखते हुए तुरंत बजट आवंटित कर नए स्कूल भवन का निर्माण शुरू किया जाए।इस संगठनात्मक बैठक और विरोध प्रदर्शन में बंजार मंडल प्रभारी व कुल्लू के खराहल वार्ड से जिला परिषद सदस्य अनिल राणा, बलागाड़ वार्ड से जिला परिषद सदस्या कुसुमलता दीपक, बंजार भाजपा मंडल के पदाधिकारी तथा तीर्थन घाटी के सैकड़ों समर्पित पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इन जनसमस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो आने वाले समय में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
Kullu, Kullu | Sep 12, 2026