जमुई: जिला स्तरीय प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया उत्कृष्ट प्रदर्शन
जिला प्रशासन एवं खेल विभाग, जमुई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता (सत्र 2026-27) के द्वितीय दिवस का आयोजन मंगलवार की दोपहर बाद 3:00 बजे तक संपन्न हुआ। इस खेल महोत्सव में जिले के विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों के खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा अपनी खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
वर्तमान में फुटबॉल, कराटे, कुश्ती, कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन एवं क्रिकेट जैसी खेल का संचालन किया जा रहा है, जिसमें युवाओं का अभूतपूर्व जोश देखने को मिल रहा है।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन वॉलीबॉल स्पर्धा में खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल पर अंडर-14 बालक वर्ग में डी.ए.वी. जमुई की टीम ने विजेता का खिताब हासिल किया, जबकि अंडर-17 वर्ग के में +2 उच्च विद्यालय जमुई ने खिताबी जीत दर्ज की। इसके अतिरिक्त विभिन्न श्रेणियों के अंतर्गत एच.एस.आर. तथा डी.ए.वी. जमुई की टीमों ने भी क्रमशः अंडर-17 एवं अंडर-14 वर्गों में अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए विजय प्राप्त की।
बैडमिंटन के एकल वर्ग में भी अंडर-14 वर्ग में ओ.पी.एस. जमुई के रोहित कुमार ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं अंडर-17 वर्ग में सिमुलतला आवासीय विद्यालय जमुई के छात्र हिमांशु कुमार तथा अंडर-19 वर्ग में ओ.पी.एस. जमुई के निशांत कुमार ने अपने-अपने वर्गों में विपक्षी खिलाड़ियों को पराजित कर विजेता की ट्रॉफी पर अपना कब्जा जमाया।
माटी के खेल कबड्डी के अंडर-14 वर्ग के फाइनल मुकाबले में मणिद्वीप अकादमी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। वहीं अंडर-19 वर्ग में +2 यू.एम.एस. दहुआ की टीम ने अपनी बेहतरीन खेल योजना और टीम समन्वय के बल पर खिताबी जीत अपने नाम की।
जिला प्रशासन एवं खेल विभाग द्वारा सभी सफल टीमों एवं खिलाड़ियों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी गई। #jamuibihar #khelpratiyogita #khelvibhag #schoolstudents #zilaprashasan
Jamui, Jamui | Sep 30, 2026