अवैध कच्ची मदिरा के अड्डों पर आबकारी विभाग की ड्रोन के माध्यम से निगरानी, 24 प्रकरण दर्ज
छिंदवाड़ा-पांढुर्णा में बड़ी कार्रवाई, 9,730 कि.ग्रा. महुआ लाहन और 160.65 लीटर मदिरा जब्त, 9.89 लाख रुपये की सामग्री बरामद
=============================
अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग द्वारा छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा जिलों में विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की गई। दोनों जिलों में एक ही दिन में कुल 24 प्रकरण दर्ज किए गए। कार्रवाई के दौरान 160.65 लीटर मदिरा एवं 9,730 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया, जिसकी कुल कीमत 9,89,060 रुपये आंकी गई है।
अवैध कच्ची मदिरा के निर्माण के बड़े अड्डों की सूचना मिलने पर आबकारी विभाग द्वारा ड्रोन के माध्यम से निगरानी की गई। ड्रोन की सहायता से संदिग्ध स्थलों को चिह्नित कर विभागीय दल ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। अभियान के दौरान अवैध मदिरा के निर्माण एवं भंडारण के संभावित ठिकानों पर विशेष निगरानी रखी गई।
छिंदवाड़ा में 18 और पांढुर्णा में 6 प्रकरण दर्ज - जिला छिंदवाड़ा में कार्रवाई के दौरान 18 प्रकरण कायम कर 105.65 लीटर मदिरा एवं 6,730 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया। जब्त सामग्री का मूल्य 6,83,560 रुपये आंका गया है। इस कार्रवाई में मोहन सिंधी, पूजा सूर्यवंशी, गोपाल ठाकुरिया, लक्ष्मीबाई धुर्वे, हरपति डेहरिया एवं शिवराम वर्मा के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए गए।
इसी प्रकार जिला पांढुर्णा में 6 प्रकरण कायम कर 55 लीटर मदिरा एवं 3,000 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया। जब्त सामग्री का मूल्य 3,05,500 रुपये है।
16 मदिरा दुकानों का निरीक्षण, ढाबों एवं होटलों में रात्रिकालीन गश्त - अभियान के दौरान दोनों जिलों में कुल 16 मदिरा दुकानों का निरीक्षण किया गया। इनमें छिंदवाड़ा जिले की 12 तथा पांढुर्णा जिले की 4 मदिरा दुकानें शामिल हैं। रात्रिकालीन गश्त के दौरान छिंदवाड़ा जिले में बिज्जू ढाबा सहित विभिन्न स्थानों पर निगरानी एवं जांच की गई। वहीं पांढुर्णा जिले में सेंटरपॉइंट ढाबा एवं बालाजी ढाबा सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर रात्रिकालीन गश्त कर जांच की गई।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh