आबकारी विभाग की अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री के ठिकानों पर दबिश
550 कि.ग्रा. महुआ लहान एवं 25 लीटर हाथ भट्टी मदिरा जब्त, 14 पाव देशी शराब भी बरामद
=========================
कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के निर्देश एवं सहायक आबकारी आयुक्त श्री बी.आर. वैद्य के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा वृत्त चांदामेटा के अंतर्गत ग्राम मानकादेही कला, परसोली, कन्हरगांव एवं मुसादेही में अवैध मदिरा निर्माण के अड्डों तथा अवैध मदिरा विक्रेताओं के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान ग्राम परसोली कन्हरगांव में नाले के किनारे झुरमुट में छिपाकर रखे मदिरा निर्माण के लिए तैयार 2 प्लास्टिक ड्रम एवं 8 प्लास्टिक कुप्पियों में भरा लगभग 270 किलोग्राम महुआ लहान बरामद किया गया। इसका सैंपल लेकर शेष लहान मौके पर नष्ट किया गया।
इसके बाद आबकारी अमले ने ग्राम मुसादेही में कन्हरगांव डेम के किनारे सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान अलग-अलग स्थानों से 14 प्लास्टिक कुप्पियों में भरा 280 किलोग्राम महुआ लहान एवं एक कुप्पी में रखी 20 लीटर हाथ भट्टी मदिरा बरामद कर जब्त की गई। लहान के सैंपल लेने के बाद शेष अनुपयोगी लहान को नष्ट किया गया तथा अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध प्रकरण कायम किया गया।
इसी क्रम में गांव में अवैध मदिरा विक्रेता के मकान पर दबिश देकर तलाशी ली गई, जहां से 5 लीटर हाथ भट्टी मदिरा बरामद होने पर प्रकरण दर्ज किया गया। वहीं, एक ढाबे की तलाशी के दौरान देशी मदिरा के 14 पाव बरामद किए गए, जिस पर भी प्रकरण कायम किया गया। इस पूरी दबिश कार्रवाई में कुल 550 किलोग्राम महुआ लहान एवं 25 लीटर हाथ भट्टी मदिरा तथा देशी मदिरा के 14 पाव बरामद किए गए। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग 58 हजार 700 रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई में वृत्त चांदामेटा प्रभारी एवं आबकारी उप निरीक्षक श्री जीत सिंह धुर्वे, आबकारी आरक्षक सुश्री प्रियंका सरयाम, सुश्री दीपाली झारिया, श्री रविशंकर कंगाली एवं श्री घनश्याम पन्द्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh