सिवनी रोड की पटाखा दुकानों पर नगर निगम की कार्रवाई, अवैध होर्डिंग-पोस्टर जब्त
======================
शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने और आम नागरिकों को आवागमन में होने वाली असुविधा से राहत दिलाने के उद्देश्य से नगर निगम आयुक्त श्री चंद्रप्रकाश राय के निर्देश पर अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई लगातार जारी है। निगम का अतिक्रमण निरोधक दस्ता शहर के प्रमुख एवं व्यस्त मार्गों पर कार्रवाई कर दुकानदारों और पथ विक्रेताओं को सड़क सीमा में अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दे रहा है।
इसी क्रम में रविवार को नगर निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने सिवनी रोड स्थित पटाखा दुकानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सामने आया कि कुछ दुकानदारों द्वारा जनप्रतिनिधियों के फोटो का उपयोग कर दुकानों के बाहर अनाधिकृत रूप से ब्रांडिंग की जा रही थी। रवि पटाखा भंडार, दीपक पटाखा भंडार एवं शिव शंभू पटाखा भंडार द्वारा सड़क पर अतिक्रमण कर बड़े-बड़े होर्डिंग, बैनर एवं पोस्टर लगाए गए थे। नगर निगम की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जनप्रतिनिधियों के चित्रों के माध्यम से की जा रही अनाधिकृत ब्रांडिंग एवं अतिक्रमण पर लगाए गए सभी होर्डिंग, बैनर और पोस्टरों को हटाकर जब्त कर लिया। साथ ही तीनों दुकानदारों के विरुद्ध दो-दो हजार रुपये के चालान काटे गए।
निरीक्षण के दौरान निगम अमले ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सभी पटाखा विक्रेताओं को अपने साइन बोर्ड निर्धारित सीमा के भीतर रखने तथा पटाखों का स्टॉक एवं अन्य सामग्री दुकान के अंदर सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने तथा जनप्रतिनिधियों की तस्वीरों का दुरुपयोग कर की जा रही अनाधिकृत ब्रांडिंग एवं प्रचार सामग्री के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Department of Urban Development & Housing MP
Jansampark Madhya Pradesh