पेयजल स्रोतों के संरक्षण के लिए हैंडपंप के आसपास चलाया स्वच्छता अभियान
सीएमसीएलडीपी के विद्यार्थियों ने श्रमदान कर की सफाई, ग्रामीणों को स्वच्छता एवं जल स्रोतों को प्रदूषण मुक्त रखने के प्रति किया जागरूक
===============================
स्वच्छता अभियान की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद छिंदवाड़ा द्वारा जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन के मार्गदर्शन में विकासखंड छिंदवाड़ा के सेक्टर क्रमांक-3 के ग्राम मारई में स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अभियान के अंतर्गत सीएमसीएलडीपी के विद्यार्थियों ने श्रमदान कर पेयजल स्रोतों के संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश दिया।
इस अवसर पर परामर्शदाता श्री श्यामल राव ने बताया कि 'स्वच्छता ही सेवा है' की भावना से ग्रामीणों में जागरूकता लाने के लिए सीएमसीएलडीपी के विद्यार्थियों ने ग्राम में घर-घर जाकर लोगों से संपर्क किया। उन्होंने ग्रामीणों को पेयजल स्रोतों को प्रदूषित होने से बचाने तथा दूषित पानी से होने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए जागरूक किया। साथ ही आम नागरिकों से जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने श्रमदान कर ग्राम के हैंडपंप के आसपास सोख पिट की मरम्मत, बेकार पानी की निकासी की व्यवस्था, कूड़ा-करकट का सुरक्षित निपटान तथा प्लास्टिक की पन्नियों एवं घास की सफाई की। इस दौरान विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी गई तथा उपस्थित लोगों को 'स्वच्छता ही सेवा है' की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में सेक्टर क्रमांक-3 की बीएसडब्ल्यू छात्रा साक्षी धुर्वे, निखिल दखने, एमएसडब्ल्यू के छात्र शुभम शर्मा, निकिता अहके, रत्नमाला झरवड़े, लता वानखेड़े, रीतिका दीवान, हंसिका सोनी, कंचन पवार, रामवती धुर्वे, मोनिका वानखेड़े एवं पंच श्रीमती कांती मरकाम सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती प्रयागवती गजभिये, कोटवार श्री जगदीश एवं ग्राम के नागरिक उपस्थित थे।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh