#बलरामपुर पुलिस ने ग्राम चौपालों में महिलाओं को सिखाए सुरक्षा के गुर, हेल्पलाइन नंबर किए जारी...
#बलरामपुर। जिले में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व अधिकार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बलरामपुर पुलिस ने व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन और मिशन शक्ति के नोडल प्रभारी व अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में सभी थाना क्षेत्रों के गांवों, कस्बों और विद्यालयों में ग्राम चौपाल व जनसंवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
अभियान के दौरान मिशन शक्ति टीमों ने महिलाओं की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण का आश्वासन दिया। पुलिस अधिकारियों ने दहेज प्रथा, बाल विवाह, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध (डिजिटल अरेस्ट) और 'गुड टच-बैड टच' जैसे विषयों पर बालिकाओं व महिलाओं को जागरूक किया। वक्ताओं ने बाल विवाह व दहेज प्रथा को सामाजिक कुरीति और कानूनी अपराध बताते हुए इनसे दूर रहने की अपील की।
आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी:
महिलाओं व बालिकाओं को आपात स्थिति में मदद के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के प्रति जागरूक किया गया:
वूमेन पावर लाइन: 1090
पुलिस आपातकालीन सेवा: 112
साइबर हेल्पलाइन: 1930
महिला हेल्पलाइन: 181
चाइल्ड हेल्पलाइन: 1098
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन: 1076
एंबुलेंस सेवा: 108 / 102
कार्यक्रम में थाना स्तर पर संचालित मिशन शक्ति केंद्र, परिवार परामर्श केंद्र और सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए जागरूकता पम्पलेट भी बांटे गए। बलरामपुर पुलिस ने दोहराया कि वह नारी सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
#balrampur #balrampurpolice