#Balrampur ! #समाज_सेवा_को_सम्मान: नशामुक्त और शिक्षा अभियान से गदगद राम भुलावन ने रमेश चौहान को भेंट की बाइक...
#बलरामपुर। विकास खंड रेहरा बाजार के ग्राम बूधीपुर निवासी व वार्ड प्रतिनिधि राम भुलावन चौहान ने सामाजिक बदलाव की अलख जगा रहे कार्यकर्ता रमेश चौहान को एक नई मोटरसाइकिल उपहार स्वरूप भेंट की है। यह सम्मान उन्हें क्षेत्र में शिक्षा के प्रसार और नशामुक्त समाज के निर्माण में दिए गए उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया गया।
रमेश चौहान लंबे समय से ग्रामीण इलाकों में चौहान समुदाय सहित युवाओं को कुरीतियों से दूर रहने और बच्चों को पढ़ाई से जोड़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। वे गांव-गांव जाकर लोगों को नशा त्यागने और शिक्षा को अपनाने का संदेश दे रहे हैं।
उपहार सौंपते हुए राम भुलावन चौहान ने कहा, "समाज का वास्तविक उत्थान नशामुक्ति और शिक्षा से ही संभव है। जिस निष्ठा से रमेश चौहान इस मुहिम को चला रहे हैं, वह अनुकरणीय है।" उन्होंने उम्मीद जताई कि इस वाहन से उन्हें दूर-दराज के क्षेत्रों तक अपना अभियान पहुंचाने और लोगों से सीधे संवाद करने में आसानी होगी।
इस पहल की स्थानीय निवासियों ने काफी सराहना की है। ग्रामीणों का मानना है कि ऐसे कदमों से धरातल पर काम कर रहे सामाजिक कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ता है और समाज में सकारात्मक बदलाव को गति मिलती है।
#balrampur #rehrabazar #sadullahnagar