#Balrampur ! #उतरौला के #बरमभारी में डिजिटल लाइब्रेरी की सौगात,ग्राम चौपाल में गूंजी जनकल्याण की बात...
रिपोर्ट-इमरान अली शाह
#उतरौला (#बलरामपुर): 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत शुक्रवार को विकास खंड उतरौला की ग्राम पंचायत बरमभारी में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल का आयोजन हुआ। इस दौरान डीएम ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी और गांव को एक नवनिर्मित डिजिटल लाइब्रेरी की बड़ी सौगात दी।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को मिलेगा संबल
सचिवालय परिसर में बनी आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी का फीता काटकर शुभारंभ करते हुए डीएम ने पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने अधिकारियों को आसपास के छात्रों को लाइब्रेरी से जोड़ने के लिए व्यापक जागरूकता फैलाने का निर्देश दिया, ताकि गांव के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बाहर न जाना पड़े।
पेंशन, आवास और स्वास्थ्य सेवाओं की ली समीक्षा
ग्राम चौपाल के दौरान डीएम ने ग्रामीणों के बीच बैठकर प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना, वृद्धावस्था, निराश्रित महिला और बाल सेवा योजना का फीडबैक लिया। इसके अलावा गांव में बिजली आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं, प्राथमिक विद्यालय में पठन-पाठन की गुणवत्ता और आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषाहार वितरण का सत्यापन किया।
डीएम का कड़ा निर्देश: "ग्राम चौपाल का मुख्य उद्देश्य अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। किसी भी योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। अधिकारी पात्र लाभार्थियों का चिन्हांकन कर शत-प्रतिशत संतृप्तिकरण सुनिश्चित करें।"
चौपाल में ग्रामीणों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए डीएम ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही निस्तारण के आदेश दिए। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
#Balrampur #dmbalrampur #DMBalrampur