#बलरामपुर में वित्तीय संस्थानों पर पुलिस का कड़ा पहरा: बैंकों व जनसेवा केंद्रों में चला सघन चेकिंग अभियान...
अनावश्यक रूप से घूमने वालों और संदिग्ध वाहनों की ली गई तलाशी; लोगों को साइबर फ्रॉड से बचने के दिए गए टिप्स
#बलरामपुर। सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जनपद बलरामपुर के समस्त बैंकों, डाकघरों, जनसेवा केंद्रों और अन्य वित्तीय संस्थानों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के कड़े निर्देशों पर शुरू हुए इस अभियान से संदिग्धों और अराजक तत्वों में हड़कंप मचा रहा।
अभियान के दौरान जिले के सभी प्रभारी निरीक्षकों, थानाध्यक्षों, चौकी प्रभारियों और मिशन शक्ति टीम ने अपने-अपने क्षेत्रों के वित्तीय संस्थानों के भीतर और आसपास व्यापक चेकिंग की। पुलिस टीमों ने परिसर में लगे सुरक्षा उपकरणों जैसे सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन और फायर अलार्म की क्रियाशीलता को बारीकी से परखा। इस दौरान बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों से वार्ता कर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मानकों को दुरुस्त रखने की ताकीद की गई।
बैंक परिसर के बाहर अनावश्यक रूप से खड़े लोगों और संदिग्ध वाहनों की गहन तलाशी ली गई। साथ ही, वित्तीय संस्थानों में आए नागरिकों को साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन ठगी से बचाव के तरीकों के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने आमजन से अपनी निजी जानकारी व ओटीपी किसी से साझा न करने की अपील की। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को भी हर वक्त अलर्ट रहकर लगातार गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए।
#Balrampur #balrampurpolice