47 घरो में मलेरिया लार्वा सर्वे
-----
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन एवं जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. एसएन बिंदल के निर्देशन जिले में मलेरिया नियंत्रण एवं रोकथाम के लिए विभिन्न विकासखंडों में बुखार रोगियों की जांच, लार्वा सर्वे तथा जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।
विकासखंड श्योपुर-बड़ौदा के ग्राम कनापुर, तुलसेफ एवं दुकालिया का भ्रमण कर ग्राम कनापुर में आशा कार्यकर्ता द्वारा 47 घरों का फीवर एवं लार्वा सर्वे किया गया तथा बुखार से पीड़ित 6 मरीजों की आर.डी.टी. किट से जांच की गई। जांच में सभी मरीज मलेरिया से नेगेटिव पाए गए। भ्रमण के दौरान आशा कार्यकर्ता, ए.एन.एम. एवं सी.एच.ओ. से संपर्क कर मलेरिया संबंधी कार्यों की समीक्षा भी की गई। इस दौरान एम.आई. श्री मानसिंह पारस एवं एम.टी.एस. श्री अरविंद गर्ग उपस्थित रहे।
विकासखंड विजयपुर के ग्राम गोबर एवं गंजनपुरा में मलेरिया नियंत्रण हेतु बुखार रोगियों की जांच के साथ समुदाय बैठक आयोजित की गई। ग्रामीणों को मलेरिया से बचाव एवं नियंत्रण के संबंध में समझाइश दी गई। उन्हें बताया गया कि कोई भी बुखार मलेरिया हो सकता है, इसलिए बुखार आने पर तत्काल रक्त की जांच कराएं एवं पूर्ण उपचार लें। साथ ही घर एवं आसपास अनावश्यक पानी जमा नहीं होने देने, घर की टंकी एवं कूलर की सफाई प्रत्येक सप्ताह करने तथा सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करने की सलाह दी गई। मच्छरों से बचाव के लिए शाम के समय नीम की पत्तियों का धुआं करने के संबंध में भी जानकारी दी गई। आशा कार्यकर्ताओं द्वारा लार्वा सर्वे एवं बुखार रोगियों की जांच की गई। इस अवसर पर एम.टी.एस. साहिब कुरैशी, बी.सी.एम. कमल किशोर एवं आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विकासखंड कराहल के ग्राम पीतमपुरा में बुखार की सूचना मिलने पर मलेरिया टीम द्वारा सघन जांच एवं सर्वे कार्य किया गया। ग्राम में 20 बुखार रोगियों की आर.डी.टी. किट से जांच की गई, जिसमें सभी मरीज मलेरिया से नेगेटिव पाए गए तथा आवश्यक उपचार दिया गया। साथ ही 85 घरों का लार्वा सर्वे किया गया, जिसमें 2 घरों में मच्छरों का लार्वा पाया गया, जिसका तत्काल नष्टीकरण किया गया।
ग्रामीणों को मच्छर जनित रोगों से बचाव के लिए समझाइश देते हुए बताया गया कि बुखार आने पर आशा कार्यकर्ता के माध्यम से तत्काल रक्त की जांच कराएं और पूर्ण उपचार लें। सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करने, घर एवं आसपास जलभराव समाप्त करने, पानी के बर्तनों को ढककर रखने तथा कूलर, टंकी एवं गमलों के पानी को प्रत्येक सप्ताह साफ करने की सलाह दी गई। इस दौरान श्री नरसिंह गौड़ मलेरिया निरीक्षक, श्रीमती प्रतिमा प्रभाकर (सहयोगिनी), श्रीमती धर्मा कुशवाहा सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम उपस्थित रही।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur