बच्चों के लिए माताओं को वितरित की गई हिमालय बेबी केयर किट
----
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत जिला चिकित्सालय परिसर स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य पोषण लाभ ले रहे बच्चों के लिए उनकी माताओं को हिमालय बेबी केयर किट वितरित की गई।
इस अवसर पर बच्चों के स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं बेहतर देखभाल के प्रति माताओं को जागरूक किया गया। किट वितरण का उद्देश्य बच्चों की दैनिक देखभाल में सहयोग प्रदान करने के साथ-साथ माताओं को शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम में उपस्थित स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने माताओं को बच्चों के शुरुआती जीवन में उचित पोषण के महत्व के बारे में जानकारी दी। साथ ही स्तनपान, साफ-सफाई, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा बच्चों की समुचित देखभाल के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।
अधिकारियों ने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण के लिए परिवार एवं समाज की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। बालिकाओं सहित सभी बच्चों को स्वस्थ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए शासन की विभिन्न योजनाओं एवं अभियानों के माध्यम से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में एनआरसी से जुड़े स्वास्थ्य अधिकारी, कर्मचारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के मैदानी कार्यकर्ता सहित अन्य संबंधितजन उपस्थित रहे। अंत में कुपोषण उन्मूलन तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए जिले में जागरूकता एवं कल्याणकारी गतिविधियों को निरंतर संचालित करने का संकल्प लिया गया।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur