#बालाघाट
बिटोड़ी में अवैध शराब के अड्डों पर आबकारी विभाग का छापा
6500 किलो महुआ लाहन और 95 लीटर कच्ची शराब जब्त, तीन प्रकरण दर्ज
बालाघाट। जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में 15 अक्टूबर 2026 को जिला आबकारी अधिकारी श्री अजीत एक्का के मार्गदर्शन में जिले के आबकारी अधिकारियों के संयुक्त दल ने वारासिवनी आबकारी वृत्त के ग्राम बिटोड़ी में दबिश देकर अवैध शराब बनाने के ठिकानों पर कार्रवाई की। इस दौरान अलग-अलग स्थानों से लगभग 6500 किलोग्राम महुआ लाहन और 95 लीटर महुआ से बनी हाथ भट्टी की कच्ची शराब जब्त की गई। जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य 6 लाख 65 हजार रुपये बताया गया है।
अलग-अलग ठिकानों से मिली अवैध सामग्री
आबकारी विभाग के संयुक्त दल ने ग्राम बिटोड़ी में अलग-अलग अड्डों पर जांच एवं कार्रवाई की। इस दौरान प्लास्टिक की बोरियों और ड्रमों में भरकर रखा गया लगभग 6500 किलोग्राम महुआ लाहन तथा 95 लीटर महुआ की कच्ची शराब बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान महुआ लाहन के नमूने लेकर शेष लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। वहीं, जब्त कच्ची शराब को नियमानुसार कार्रवाई के लिए लिया गया। मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 के तहत तीन प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं।
यह कार्रवाई जिला आबकारी अधिकारी के मार्गदर्शन में जिले में पदस्थ आबकारी अधिकारियों के संयुक्त दल द्वारा की गई। कार्रवाई में वृत्त प्रभारी संदीप श्रीवास, कौस्तुभ नेताम, मनोज अंजलेकर, रमाकांत बघेल एवं ज्योति सोनी सहित मुख्य आरक्षक द्वार सिंह उइके, नरसिंह टेकाम तथा आरक्षक भानु मर्सकोले और अनिता कुमरे उपस्थित रहे।
जिला आबकारी अधिकारी श्री एक्काक ने बताया कि आबकारी विभाग द्वारा जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #अवैध_शराब #MP_STATE_Excise_Dept_of_MP_Government #minprdd
49 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Oct 15, 2026