#बालाघाट
एसडीएम ने किया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटंगी का औचक निरीक्षण, सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी
अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) विजय सिंह यादव ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटंगी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल परिसर में सफाई व्यवस्था में लापरवाही, शौचालयों में गंदगी, अग्निशामक यंत्रों के अक्रियाशील होने और मैटरनिटी वार्ड में अव्यवस्थाएं सामने आईं। एसडीएम ने इन कमियों पर नाराजगी जताते हुए ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद भलावी को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए।
दो सफाई कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान सफाई कर्मचारी ड्यूटी से अनुपस्थित मिले। इस पर एसडीएम ने अनुपस्थित सफाई कर्मचारी गीता गोरे एवं गणेश रगड़े का एक-एक दिन का वेतन काटने के निर्देश बीएमओ को दिए। अस्पताल के सामान्य शौचालयों में गंदगी और परिसर में अवांछित वनस्पति उगी हुई मिलने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। एसडीएम ने दो दिन के भीतर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। अस्पताल में लगे अग्निशामक यंत्र भी अक्रियाशील पाए गए। इस पर एसडीएम ने उन्हें तत्काल क्रियाशील स्थिति में स्थापित कराने के निर्देश दिए, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में उनका उपयोग किया जा सके।
ओपीडी और इमरजेंसी सेवाएं मिलीं संतोषजनक
निरीक्षण के दौरान अस्पताल की ओपीडी सामान्य रूप से संचालित होती मिली। ड्यूटी पर तैनात इमरजेंसी डॉक्टर भी उपस्थित पाए गए। इस व्यवस्था पर एसडीएम ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने अस्पताल में उपचार के लिए आए मरीजों से भी चर्चा की और स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी ली। मरीजों ने उन्हें अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्थाएं बेहतर मिलने की बात बताई।
इसके बाद एसडीएम ने मैटरनिटी वार्ड का निरीक्षण किया। यहां लाइट व्यवस्था सुचारू नहीं पाई गई, जबकि वार्ड से लगे शौचालयों की स्थिति अत्यंत खराब मिली। शौचालयों में सैनिटरी पैड भरे हुए पाए जाने पर एसडीएम ने कड़ी नाराजगी जताई और साफ-सफाई व्यवस्था को तत्काल सुधारने के निर्देश दिए।
मैटरनिटी कक्ष में एक प्रसूता महिला के बिस्तर पर चादर नहीं होने पर भी एसडीएम ने ड्यूटी पर तैनात नर्सों को समझाइश दी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी मरीज के बिस्तर पर बिना चादर के नहीं होना चाहिए। भविष्य में निरीक्षण के दौरान ऐसी लापरवाही दोबारा मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
पोषण पुनर्वास केंद्र में नौ बच्चों को किया गया डिस्चार्ज
निरीक्षण के अंतिम चरण में एसडीएम ने पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का जायजा लिया। यहां नौ बच्चों को 14 दिन तक भर्ती रखकर उपचार एवं पोषण संबंधी देखभाल के बाद डिस्चार्ज किया गया। इनमें से सात बच्चों के वजन में 300 से 400 ग्राम तक की वृद्धि दर्ज की गई। इसे बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य में सुधार के सकारात्मक संकेत के रूप में देखा गया।
एसडीएम विजय सिंह यादव ने बीएमओ डॉ. विनोद भलावी एवं स्वास्थ्य केंद्र के समस्त स्टाफ को निर्देशित किया कि अस्पताल में स्वच्छता, मरीजों की सुविधाओं, वार्डों की साफ-सफाई और सुरक्षा उपकरणों की कार्यशीलता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए तथा निरीक्षण में सामने आई कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #gaddeptmp
64 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Oct 15, 2026