जनगणना-2027 की तैयारियों को मिला नया आयाम, चार दिवसीय प्रशिक्षण हुआ सम्पन्न
बालाघाट 15 अक्टूबर 2026। आगामी जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से ई-दक्ष केंद्र, बालाघाट में 12 से 15 अक्टूबर 2026 तक आयोजित चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम गुरुवार को सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण में नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के चार्ज अधिकारी, चार्ज क्लर्क एवं तकनीकी सहायकों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना की कार्यप्रणाली, डेटा संधारण एवं सत्यापन, डिजिटल प्रक्रियाओं, तकनीकी संसाधनों, रिकॉर्ड प्रबंधन तथा समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने की जानकारी दी गई। साथ ही डेटा की शुद्धता, गोपनीयता, प्रशासनिक समन्वय और कार्यों की नियमित निगरानी पर विशेष जोर दिया गया।
समय-सीमा में तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश
जिला जनगणना अधिकारी श्री द्वारका प्रसाद बर्मन ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनगणना से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, इसलिए सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने दायित्वों का गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। उन्होंने विभागीय समन्वय, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता और डेटा की शुद्धता सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।
प्रशिक्षण से बढ़ा अधिकारियों-कर्मचारियों का आत्मविश्वास
प्रशिक्षण के समापन पर प्रतिभागियों ने इसे आगामी जनगणना कार्यों के लिए उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण से तकनीकी प्रक्रियाओं, डेटा प्रबंधन और मैदानी स्तर पर कार्यों के सुचारु संचालन को लेकर उनकी समझ बेहतर हुई है। इससे संभावित कठिनाइयों का समाधान करने और समयबद्ध तरीके से जिम्मेदारियां निभाने में भी मदद मिलेगी।
प्रशिक्षकों एवं सहयोगियों का रहा योगदान
प्रशिक्षण जिला जनगणना प्रभारी एवं प्रशिक्षक श्री रोहित पाण्डेय तथा जनगणना निदेशालय, भोपाल से आए प्रशिक्षक श्री शिवम श्रीवास्तव द्वारा दिया गया। कार्यक्रम के सफल संचालन में जिला जनगणना लिपिक श्रीमती गीता धाने, जिला जनगणना सहायक लिपिक श्री नितेश कुमार गायधनी, ई-दक्ष वरिष्ठ प्रशिक्षक श्री उमाशंकर पटले एवं श्री आशीष शरणागत का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रशिक्षण में जनगणना के प्रथम एवं द्वितीय चरण से संबंधित कार्यों की जानकारी भी दी गई।
#ECISVEEP #CEOMPElection #JansamparkMP
40 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Oct 15, 2026