#बालाघाट
बालक-बालिकाओं को अधिकारों, सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति किया जागरूक
बैहर में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के तहत आयोजित हुईं जागरूकता कार्यशालाएं, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर आयोजित पांच दिवसीय जनजागरूकता कार्यक्रम के तहत बैहर विकासखंड में बालक-बालिकाओं के लिए जागरूकता कार्यशालाओं का आयोजन किया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री देवेन्द्र कुमार सुन्दर्याल के मार्गदर्शन में शासकीय आदिवासी सीनियर बालक छात्रावास बैहर एवं शासकीय आदिवासी सीनियर बालिका छात्रावास आमगांव में आयोजित इन कार्यशालाओं में विद्यार्थियों को अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कार्यशालाओं के दौरान विद्यार्थियों को वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली तथा संकट की स्थिति में एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न सहायता सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने के लिए महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर सुरक्षा हेल्पलाइन 1930 एवं पुलिस हेल्पलाइन 112 की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को इन हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता समझाते हुए आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर कार्यस्थल पर महिलाओं का लैंगिक उत्पीड़न रोकने से संबंधित अधिनियम (POSH), लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (POCSO) तथा जेंडर संवेदीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी जानकारी साझा की गई। विद्यार्थियों को लैंगिक समानता, व्यक्तिगत सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालक-बालिकाओं में अपने अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें सुरक्षित, सशक्त और संवेदनशील वातावरण के महत्व से परिचित कराना रहा। इस प्रकार की कार्यशालाएं बच्चों को जागरूक बनाने और आवश्यकता के समय उपलब्ध सहायता सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
#CEOMPElection
#JansamparkMP
#mp_wcdmp
42 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Oct 15, 2026