सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य शिविर एवं विशेष स्वच्छता अभियान का शुभारंभ
सफाई मित्रों का किया सम्मान, अस्पताल परिसर में स्वच्छता गतिविधियों के साथ जनजागरूकता अभियान भी चलेगा
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला चिकित्सालय मंडला में स्वास्थ्य शिविर तथा विशेष स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया गया। स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा एवं सांसद प्रतिनिधि श्री जयदत्त झा द्वारा किया गया। इस अवसर पर भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले विशेष स्वच्छता अभियान का भी शुभारंभ हुआ।
सिविल सर्जन डॉ. विजय सिंह धुर्वे ने बताया कि अभियान के तहत जिला चिकित्सालय के समस्त स्टाफ को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। पूरे अभियान के दौरान अस्पताल के विभिन्न वार्डों एवं विभागों की नियमित सफाई, पुरानी आईईसी सामग्री को हटाने, अप्रचलित एवं अनुपयोगी उपकरणों तथा सामग्री के अपलेखन एवं निष्पादन, ठोस एवं जैव अपशिष्ट प्रबंधन, सामूहिक श्रमदान, हैंड हाइजीन एवं वॉश संबंधी गतिविधियों के साथ जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा जिला चिकित्सालय में कार्यरत सफाई मित्रों का सम्मान भी किया गया। इस अवसर पर सफाई मित्रों के योगदान को रेखांकित करते हुए अस्पताल परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की गई।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla
#सेवा_संकल्प_अभियान #SevaSankalpAbhiyan
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh