अंतर्राष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन एवं नशा मुक्त बिहार अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
महिला एवं बाल विकास निगम, समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत संचालित मिशन शक्ति योजना के तहत 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अवसर पर आज दिनांक 27 नवंबर 2026 को डी०आर०डी०ए० सभागार, नवादा में अंतर्राष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस एवं नशा मुक्त बिहार अभियान के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बाल विवाह मुक्त नवादा एवं नशामुक्त बिहार के संकल्प को साकार करना तथा बालिकाओं के सुरक्षित, शिक्षित एवं सशक्त भविष्य का निर्माण करना है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त, नवादा श्री शम्भू शरण पाण्डेय एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, आई०सी०डी०एस०, नवादा श्रीमती निरुपमा शंकर द्वारा संयुक्त रूप से की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने तथा बिहार को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बाल विवाह नहीं करने एवं नशामुक्त बिहार के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के माध्यम से बाल विवाह के दुष्परिणामों, बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा एवं सशक्तीकरण तथा नशे के सामाजिक एवं पारिवारिक दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के पूर्व प्रातःकाल बालिकाओं के साथ प्रभात फेरी का आयोजन उप विकास आयुक्त, नवादा के द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया, प्रभात फेरी प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय से समाहरणालय नवादा लाया गया, जहाँ जिला पदाधिकारी नवादा के द्वारा शपथ दिलाया गया। आमजनों को बाल विवाह के विरुद्ध जागरूक करते हुए बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह उन्मूलन एवं नशामुक्त बिहार अभियान को जन आंदोलन का रूप देने पर बल दिया गया। साथ ही सभी संबंधित विभागों एवं संस्थानों से आपसी समन्वय स्थापित कर समाज के प्रत्येक वर्ग तक जागरूकता का संदेश पहुंचाने तथा बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।
इस जागरूकता कार्यक्रम में जिले के सभी प्रखंडों के बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, जीविका के सभी प्रखंड परियोजना प्रबंधक, दीदी अधिकार केंद्र की समन्वयक, स्वास्थ्य विभाग के प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक एवं प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक, जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन, वन स्टॉप सेंटर तथा आई०सी०डी०एस० के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
Rajauli, Nawada | Nov 27, 2026