जनसुनवाई में प्राप्त परिवादों पर जिला पदाधिकारी ने की सुनवाई*
*संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निष्पादन का निर्देश*
बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय “सबका सम्मान-जीवन आसान ''(Ease of Living)” का मुख्य उद्देश्य राज्य के सभी नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम कर उनके जीवन को अधिक सरल, सहज एवं सम्मानजनक बनाना है। इस निश्चय के अंतर्गत आमजनों को सरकारी कार्यालयों से संबंधित कार्यों के निष्पादन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए प्रत्येक सप्ताह सोमवार एवं शुक्रवार को जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई की व्यवस्था लागू की गई है।
इसी क्रम में आज दिनांक 27 नवम्बर 2026 को जिला स्तर पर जिला पदाधिकारी, नवादा श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आमजनों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना गया। इस दौरान कुल 30 परिवाद प्राप्त हुए।
जनसुनवाई में थाना-नवादा सदर, ग्राम-हरिश्चंद्र तालाब निवासी पार्वती देवी द्वारा बंद राशन कार्ड को चालू करवाने के संबंध में, थाना-सिरदला, ग्राम-फुलवरिया निवासी बृजनंदन चौधरी द्वारा पुत्र के विद्यालय में नामांकन एवं प्रवेश की अनुमति प्रदान करने के संबंध में थाना-वारिसलीगंज, ग्राम- रैकड निवासी डॉली सिन्हा द्वारा भूमि विवाद के संबंध में तथा थाना नवादा , ग्राम -सिसवा निवासी विजय यादव द्वारा विजली बिल से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य परिवादियों द्वारा विभिन्न प्रकार की शिकायतें एवं समस्याएं जिला पदाधिकारी के समक्ष रखी गईं।
जिला पदाधिकारी ने सभी परिवादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की नियमानुसार जाँच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को जाँचोपरांत आवश्यक कार्रवाई हेतु अग्रसारित किया गया।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी परिवादों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करें तथा परिवादियों को उनके मामलों में की गई कार्रवाई से अवगत कराएं।
Rajauli, Nawada | Nov 27, 2026