नशामुक्त युवा–विकसित भारत की थीम पर हथौड़ा स्टेडियम में खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित
शाहजहांपुर। हथौड़ा स्टेडियम में ‘मेरा युवा भारत’, शाहजहांपुर की ओर से ‘नशामुक्त युवा–विकसित भारत’ की थीम पर ब्लॉक क्लस्टर स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना और उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना रहा।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेरा युवा भारत के उपनिदेशक माहे आलम और विशिष्ट अतिथि गांधी फैजिया महाविद्यालय के वाणिज्य विभागाध्यक्ष पुनीत मनीषी रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। माहे आलम ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। युवाओं को नशे से दूर रहकर खेल और शिक्षा को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।प्रतियोगिता में 200, 400 और 800 मीटर दौड़ के साथ लंबी कूद, ऊंची कूद, कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल के मुकाबले कराए गए। विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। समापन पर विजेताओं को प्रमाण पत्र और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक हर्ष पांडे ने किया। आयोजन में शैलेंद्र सिंह, अंकित वर्मा, अंकित कुमार, करण शर्मा और देवेश कुमार सहित अन्य स्वयंसेवकों का सहयोग रहा।