तहसील तिलहर में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 40 शिकायतें प्राप्त, 05 का मौके पर निस्तारण
डीएम ने प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
शाहजहांपुर। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में तहसील तिलहर में संपूर्ण समाधान तहसील दिवस संपन्न हुआ। तहसील दिवस के दौरान डीएम एवं एसपी सौरभ दीक्षित ने संपूर्ण समाधान दिवस में आये फरियादियों की शिकायतों एवं समस्याओं को सुना। जिलाधिकारी ने प्राप्त जनशिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 40 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 05 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए जिलाधिकारी ने समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है साथ ही उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, निर्धारित समय में ही शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।जिलाधिकारी ने संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त चकमार्ग से संबंधित शिकायतों का संज्ञान लेते हुए निर्देश दिए कि चकमार्ग खाली कराने हेतु पुलिस और राजस्व की टीमें मौके पर जाकर कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। बिजली विभाग से संबंधित प्राप्त शिकायतों को लेकर डीएम ने निर्देश दिए है कि निर्धारित समयानुसार शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए किसी भी शिकायतकर्ता को अनावश्यक चक्कर न लगाना पड़े यह सुनिश्चित किया जाए। डीएम ने निर्देश दिए कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का जांच कर्ता मौके पर जाकर शिकायतकर्ता के साथ निस्तारण करना सुनिश्चित करें। शिकायत निवारण के समय का जीपीएस लोकेशन का फोटो भी उपलब्ध कराया जाए।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 विवेक कुमार मिश्र, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह, उप जिलाधिकारी तिलहर आदित्य कुमार श्रीवास्तव, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।