आशीर्वाद के दीये से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, 200 स्थानों पर होंगे कार्यक्रम
जहानाबाद : सेवा, समर्पण और जनभागीदारी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान की शुरुआत गुरुवार को जिले के करीब 200 स्थानों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर की जाएगी। इनमें गांधी मैदान, विश्वप्रसिद्ध बराबर गुफा, कारगिल चौक, अंबेडकर चौक और संगम घाट समेत जिले के 31 प्रमुख स्थल शामिल हैं।
बुधवार को जिला पदाधिकारी छिरिंग वाई भूटिया ने प्रिंट एवं सोशल मीडिया प्रतिनिधियों के साथ प्रेस वार्ता में अभियान की रूपरेखा और कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश पर आयोजित अभियान का उद्देश्य ‘जनसेवा ही मुख्य सेवा’ के संदेश को जिला मुख्यालय से लेकर पंचायत और गांव स्तर तक पहुंचाना है।
गांधी मैदान में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम कला एवं संस्कृति मंत्री के नेतृत्व में होगा, जबकि बराबर गुफा में कार्यक्रम का नेतृत्व जिला पदाधिकारी करेंगी। अभियान के दौरान विद्यालयों और महाविद्यालयों में सेवा चित्र, ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। ‘सेवा स्मरण’ के तहत नुक्कड़ नाटक व सांस्कृतिक कार्यक्रम, आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन का मिलन’, सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की ‘कहानी बदलाव की’ और गांवों तक ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी।
जिला पदाधिकारी ने लोगों से ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में भाग लेने और सेवा संकल्प अभियान के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाने में सहयोग करने की अपील की