पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में प्रबंधन समिति की बैठक, पढ़ाई और सुविधाओं में सुधार पर जोर
जहानाबाद : पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, ऐनवा में बुधवार को विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक हुई। जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक प्रगति के साथ-साथ आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में विद्यालय के बजट, आवश्यक उपकरण व फर्नीचर की खरीद, दो इंटरैक्टिव पैनल लगाने, विद्यालय तक पहुंच पथ की मरम्मत, रंग-रोगन, निर्बाध बिजली आपूर्ति और सीमा दीवार का निर्माण पूरा कराने जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।
जिला पदाधिकारी ने आगामी बोर्ड परीक्षाओं में विद्यार्थियों के प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए शिक्षकों को विशेष प्रयास करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धि में सुधार के साथ विद्यालय का वातावरण भी बेहतर बनाया जाना चाहिए। आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता और समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ पर भी चर्चा हुई। डीएम ने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा देशव्यापी चित्रकला और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक विद्यार्थियों को शामिल कराने के लिए प्रोत्साहित करने को कहा।
बैठक में प्राचार्य रवीन्द्र राम, डीएवी के प्राचार्य केके पांडेय, जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य राम शरण सहित विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, अभिभावक प्रतिनिधि और शिक्षक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।