14 अक्तूबर को खंड स्तर पर होगी सड़क सुरक्षा क्विज प्रतियोगिता,14,431 विद्यार्थी लेंगे भाग :- इंस्पेक्टर शमशेर सिंह ।
प्रथम व द्वितीय स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को मिलेगा जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का मौका :- इंस्पेक्टर शमशेर सिंह ।
सिरसा। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए सिरसा पुलिस की ओर से 14 अक्तूबर को जिले के स्कूलों में खंड स्तर पर सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता करवाई जाएगी। सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक होने वाली इस प्रतियोगिता में जिले के करीब 14,431 विद्यार्थी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। पुलिस विभाग ने शिक्षा विभाग के सहयोग से प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। यातायात थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शमशेर सिंह ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक, हाईवे एवं यातायात, हरियाणा, करनाल एवं एसपी दीपक सहारन के निर्देशानुसार 14 अक्तूबर 2026 को स्कूलों में यह परीक्षा आयोजित करवाई जा रही है। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को यातायात संकेतों, सड़क सुरक्षा नियमों, निर्धारित गति सीमा और सड़क दुर्घटनाओं से बचने के तरीकों की जानकारी दी जाएगी। इसके लिए पुलिस विभाग की ओर से टीमें भी गठित कर दी गई हैं। ये टीमें स्कूलों और कॉलेजों में पहुंचकर प्रबंधन को परीक्षा के संबंध में जानकारी देंगी और तैयारियों का जायजा लेंगी।
बचपन में सीखे नियम, जिंदगीभर आएंगे काम
इंस्पेक्टर शमशेर सिंह ने कहा कि बच्चों को छोटी उम्र से ही यातायात नियमों की जानकारी देना बेहद जरूरी है। बचपन में सीखी गई अच्छी आदतें जीवनभर काम आती हैं। अगर बच्चे हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, गति सीमा में वाहन चलाने, यातायात संकेतों को समझने और सड़क पार करते समय सावधानी बरतने के नियम सीखेंगे तो वे खुद भी सुरक्षित रहेंगे और अपने परिवार के सदस्यों को भी जागरूक करेंगे।उन्होंने कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही कई बार बड़े हादसे का कारण बन जाती है। ऐसे में यातायात नियमों की पालना करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। पुलिस की ओर से समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम और गोष्ठियां आयोजित कर लोगों को सुरक्षित सफर का संदेश दिया जा रहा है।
जिला स्तर पर भी दिखाएंगे प्रतिभा
उन्होंने बताया कि खंड स्तर की प्रतियोगिता में प्रथम और द्वितीय स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। जिला स्तरीय परीक्षा की तिथि बाद में घोषित की जाएगी। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से भी अपील की कि वे बच्चों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें। पुलिस का उद्देश्य केवल नियमों की जानकारी देना नहीं, बल्कि बच्चों में सड़क सुरक्षा की ऐसी समझ पैदा करना है, जिससे दुर्घटनाओं में कमी आए और हर व्यक्ति का सफर सुरक्षित बने।
Uklana, Hissar | Oct 12, 2026