मंदिर-मेलों व भीड़-भाड़ वाले स्थानों को निशाना बनाने वाले महिला गिरोह की दो और आरोपी पंचकूला पुलिस की गिरफ्त में, अब तक 4 महिलाएं गिरफ्तार
कैलो कौर के खिलाफ पहले भी नशा तस्करी तथा लवप्रीत कौर के खिलाफ शराब तस्करी से संबंधित मामले दर्ज
पंचकूला पुलिस की अपील: मंदिरों, मेलों, धार्मिक आयोजनों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाते समय अपने गहनों, पर्स, मोबाइल फोन तथा अन्य कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें
पंचकूला/ 13 अक्टूबर:- पंचकूला पुलिस की सतर्कता और गहन जांच से मंदिरों व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर चोरी की वारदातों में संलिप्त महिला गिरोह के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। मार्च 2026 में माता मनसा देवी मंदिर परिसर स्थित पटियाला मंदिर में नवरात्रों के दौरान श्रद्धालु महिला के हाथ से सोने का कड़ा चोरी करने के मामले में क्राइम ब्रांच-3 की टीम ने दो और महिलाओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कैलो कौर (72) निवासी जिला बरनाला, पंजाब तथा लवप्रीत कौर उर्फ रीना (37) निवासी जिला संगरूर, पंजाब के रूप में हुई है। इस मामले में अब तक कुल चार महिलाओं को गिरफ्तार किया जा चुका है।
एसीपी क्राइम अमन कुमार के अनुसार, पंचकूला निवासी शिकायतकर्ता ने 27 मार्च 2026 को थाना मनसा देवी कॉम्प्लेक्स में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 26 मार्च को वह अपनी पत्नी के साथ माता मनसा देवी मंदिर परिसर स्थित पटियाला मंदिर में भंडारे का भोग लगाने पहुंचे थे। इसी दौरान मंदिर में उनके पीछे खड़ी कुछ महिलाओं ने कथित तौर पर उनकी पत्नी के हाथ से करीब तीन तोले का सोने का कड़ा चोरी कर लिया और मौके से फरार हो गईं। शिकायत के आधार पर थाना मनसा देवी कॉम्प्लेक्स में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामलें की जांच एएसआई सुखचैन द्वारा की जा रही है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार इस मामले में क्राइम ब्रांच-3 की टीम ने पहले कार्रवाई करते हुए 3 अक्टूबर 2026 को लक्ष्मी कौर और कर्मजीत कौर को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के बताए स्थान से चोरीशुदा सोने का कड़ा बरामद किया। अब पुलिस ने मामले में वांछित दो अन्य महिलाओं को भी गिरफ्तार कर लिया है। क्राइम ब्रांच-3 की टीम ने 12 अक्टूबर 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर कैलो कौर और लवप्रीत कौर उर्फ रीना को महिला पुलिस कर्मचारियों की सहायता से काबू किया। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने कथित तौर पर अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। कैलो कौर के खिलाफ पहले भी नशा तस्करी तथा लवप्रीत कौर के खिलाफ शराब तस्करी से संबंधित मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। दोनों महिलाओं को आज न्यायिक हिरासत भेज दिया गया है।
पंचकूला पुलिस की आमजन से अपील है कि मंदिरों, मेलों, धार्मिक आयोजनों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाते समय अपने गहनों, पर्स, मोबाइल फोन तथा अन्य कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति के दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
Uklana, Hissar | Oct 13, 2026