अधिकारी सुनिश्चित करें कि प्रभावित किसानों को समय पर मिले मुआवजा:- उपमंडलाधीश आशीष कुमार
- फसल बीमा कंपनी किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए जल्द करें मुआवजा वितरण
- जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक आयोजित
रोहतक, 13 अक्तूबर: उपमंडलाधीश आशीष कुमार ने कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे आपसी तालमेल बढाकर यह सुनिश्चित करें कि फसल बीमा करवाने वाले किसानों को फसलों को नुकसान की स्थिति में परेशान न होना पडे। अधिकारी प्रभावित किसानों को कृषि बीमा कंपनी के साथ समन्वयक बनाकर समय पर मुआवजा दिलवाना सुनिश्चित करें।
उपमंडलाधीश आशीष कुमार स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने बैठक के एजेंडे में शामिल बिंदुओं की बारी-बारी समीक्षा की तथा कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ भारतीय कृषि बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों को भी आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
आशीष कुमार ने कहा कि रबी 2025 में फसलों को हुए नुकसान के लंबित मुआवजे का यथाशीघ्र वितरण करवाया जाये। संबंधित किसानों के दस्तावेज एकत्रित करने में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अधिकारी कृषि बीमा कंपनी का सहयोग करें ताकि प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा मिल सके। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसान यूनियन से जुडे किसानों की मदद भी ली जा सकती है। उन्होंने कृषि बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों को सख्त निर्देश दिये कि वे राज्य स्तरीय निगरानी समिति द्वारा स्वीकृत की गई मुआवजा राशि का एक माह में प्रभावित किसानों को वितरण सुनिश्चित करवाये।
इस अवसर पर कृषि उपनिदेशक डाॅ सुरेंद्र मलिक ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना तथा मुआवजा वितरण से संबंधित मामलों की जानकारी दी। सहायक सांख्यिकी अधिकारी विनोद हुड्डा ने पीएम फसल बीमा योजना का विवरण प्रस्तुत किया। बैठक में जिला उद्यान अधिकारी मदन लाल, डाॅ नरेंद्र यादव, उपमंडल कृषि अधिकारी संदीप सिंह एवं अजय, नाबार्ड के डीडीएम अंकित दहिया के अलावा राममेहर सिंह, सुरेश शर्मा, एलडीएम कार्यालय से प्रदीप कुमार, डीसीसीबी वेद प्रकाश, फसल बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों राजेंद्र सिंह, सचिन मिश्रा, मनोज कुमार सहित किसान यूनियन के पदाधिकारी व संबंधित किसान मौजूद रहे।
फोटो: 15 से 18
0 0 0 0 0 0 0 0 0 0
Uklana, Hissar | Oct 13, 2026