ढाढर नदी से अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टर जब्त, बालू माफिया फरार
मोहड़ा। अतरी थाना क्षेत्र के मोहड़ा प्रखंड इलाके में ढाढर नदी से अवैध रूप से बालू लोड कर ले जा रहे दो ट्रैक्टरों को पुलिस ने जब्त किया है। कार्रवाई डीएसपी सुरेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई।
पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही बालू के अवैध कारोबार में शामिल लोग मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि बालू माफिया ट्रैक्टर का डाला छोड़कर मौके से भाग निकले। पुलिस ने दोनों ट्रैक्टरों को अपने कब्जे में ले लिया है।
घटना की जानकारी खनन विभाग को दे दी गई है। पुलिस के अनुसार, नदी से अवैध बालू उत्खनन और परिवहन के मामले में अब खनन विभाग द्वारा आगे की कार्रवाई की जाएगी। जब्त वाहनों के संबंध में खनन विभाग की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबार में शामिल लोगों के बीच हड़कंप मच गया है। स्थानीय स्तर पर ढाढर नदी से अवैध बालू निकासी की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त कार्रवाई से अवैध बालू कारोबार पर अंकुश लगने की उम्मीद है।