*पितृपक्ष महासंगम 2026 को निर्मल एवं स्वच्छ तरीके से आयोजित करने को लेकर 12 सितंबर को विष्णुपद मंदिर परिसर से निकलेगी रैली*
गया, 10 सितंबर 2026,
पितृपक्ष महासंगम 2026 के सफल, सुव्यवस्थित एवं स्वच्छ आयोजन को लेकर गया नगर निगम द्वारा व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 12 सितंबर 2026 को पूर्वाह्न 10:30 बजे विष्णुपद मंदिर परिसर से स्वच्छता एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया जाएगा। रैली का मुख्य उद्देश्य पितृपक्ष महासंगम को निर्विघ्न, निर्मल तथा स्वच्छ तरीके से आयोजित करने के साथ-साथ श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है।
रैली को जिला पदाधिकारी, गया एवं माननीय महापौर, गया नगर निगम द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। इस अवसर पर माननीय उप महापौर, सभी वार्ड पार्षद, पंडा समाज के सचिव एवं सदस्यगण, नगर निगम के पदाधिकारी एवं कर्मचारी तथा पत्रकारगण उपस्थित रहेंगे।
जिला प्रशासन एवं नगर निगम द्वारा पितृपक्ष महासंगम के दौरान स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से सम्पूर्ण मेला क्षेत्र को “नो प्लास्टिक जोन” घोषित किया गया है। इसके साथ ही मेला क्षेत्र में नशे के सेवन को पूर्ण रूप से प्रतिबंधित किया गया है। रैली के माध्यम से लोगों को प्लास्टिक के उपयोग से बचने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने, सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा मेला क्षेत्र की पवित्रता एवं गरिमा बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
जिला पदाधिकारी, गया के निर्देशानुसार नगर आयुक्त, गया नगर निगम की अध्यक्षता में दिनांक 10 सितंबर 2026 को पितृपक्ष महासंगम 2026 की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्री अमरनाथ धोकड़ी, श्री बबन लाल बारिक, श्री मणिलाल बारिक, उप नगर आयुक्त, सहायक लोक स्वच्छता पदाधिकारी, सहायक वास्तुविद सहित नगर निगम के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।