शहर में जाम की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर विभिन्न स्थलों का निरीक्षण
लखीसराय। शहर में प्रतिदिन उत्पन्न होने वाली जाम की समस्या के निदान एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने को लेकर सोमवार को विभिन्न प्रमुख स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि के नेतृत्व में रेलवे परिसर, मुख्य बाजार एवं शहर की प्रमुख सड़कों का जायजा लिया गया।निरीक्षण के दौरान डीएसपी ट्रैफिक अजय कुमार, नगर परिषद लखीसराय के कार्यपालक पदाधिकारी प्रभात कुमार, एमवीआई प्रतीक कुमार समेत संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने शहर में जाम लगने के प्रमुख कारणों, वाहनों के आवागमन, पार्किंग व्यवस्था, अतिक्रमण एवं यातायात प्रबंधन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं का अवलोकन किया।इस दौरान जाम की समस्या के प्रभावी एवं स्थायी समाधान के लिए आवश्यक उपायों पर अधिकारियों के बीच विचार-विमर्श किया गया। शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों के सुगम आवागमन, पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने तथा यातायात प्रबंधन में सुधार को लेकर भी आवश्यक पहल पर चर्चा हुई।जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि ने बताया कि शहरवासियों को प्रतिदिन होने वाली जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए संबंधित विभागों के समन्वय से आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और आमजनों के सुगम आवागमन के लिए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Lakhisarai, Lakhisarai | Sep 21, 2026