आत्मरक्षा का प्रशिक्षण लेकर सशक्त बनेंगी छात्राएं, सीखे के सीखे सुरक्षा के गुर
जहानाबाद : अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर शुरू हुए दो दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का सोमवार को समापन हो गया। अब्दुल बारी नगर भवन में आयोजित प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने भाग लिया। प्रशिक्षक अमर कुमार ने छात्राओं को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के निर्देश पर जिला प्रशासन की ओर से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य छात्राओं को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ उनमें साहस, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना था।
प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को विपरीत परिस्थितियों में सजग रहने, सूझबूझ से निर्णय लेने और आत्मविश्वास के साथ अपनी सुरक्षा करने के तरीके बताए गए। शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया। छात्राओं को बताया गया कि आत्मरक्षा का ज्ञान उन्हें चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करने में मदद करता है।
जिला प्रशासन की ओर से बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों से छात्राओं में निर्भीकता बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलेगी।